बहराइच: रील बनाने के चक्कर में दो मित्र नहर में कूदे, एक लापता
बहराइच, अमृत विचार। शहर के मोहल्ला मीराखेलपुरा निवासी कक्षा चार का छात्र अपने मित्र के साथ जीजा की बाइक से श्रावस्ती के रतनापुर नहर गया। लोगों का कहना है कि दोनों रील बनाने के चक्कर में नहर में कूद गए। लेकिन मित्र किसी तरह बचकर घर पहुंच गया। जबकि छात्र और उसके पास मौजूद एप्पल का फोन गायब है।
कोतवाली नगर के मोहल्ला मीरा खेलपुरा निवासी सूरज विश्वकर्मा (13) पुत्र शिव प्रसाद विश्वकर्मा कक्षा चार में पढ़ता है। गुरुवार को सूरज के जीजा श्रावस्ती जिले के बदला चौराहा गिरंट से बाइक से ससुराल आए। वह चाबी और बाइक ससुराल में छोड़कर बाराबंकी शादी समारोह में शामिल होने चले गए। इस पर सूरज अपने मित्र हिमेश के साथ एप्पल की मोबाइल लेकर श्रावस्ती के रत्नापुर नहर के निकट पहुंचा। इसके बाद बाइक खड़ी कर दोनों रील बनाने के चक्कर में नहर में कूद गए। सूरज का कुछ पता नहीं चला तो कोतवाली नगर पुलिस को तहरीर दी गई। जिसमें बाइक, कपड़ा और दूसरा मोबाइल नहर के निकट मिलने की जानकारी सोनवा थाने की पुलिस ने दी। जांच के दौरान पता चला कि साथी हिमेश घर चुपके से चला गया। मौके से एप्पल का मोबाइल भी गायब है।
सोनवा थानाध्यक्ष श्याम देव चौधरी ने बताया कि मोबाइल, बाइक और कपड़ा बरामद हुआ। एप्पल का फोन गायब है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि रील बनाने के चक्कर में दोनों के नहर में कूदने की बात सामने आ रही है। सूरज का कुछ पता नहीं चल सका है। मालूम हो कि शिव प्रसाद विश्वकर्मा सेवानिवृत्त चिकित्सक हैं। उनकी मौत हो चुकी है। उनकी चार बेटियां एक और बेटा है। सभी बेटियों की शादी हो चुकी है।
ये भी पढ़ें -भारत नेपाल सीमा पर डंप मिली 30 बोरी खाद, केस दर्ज
