Bareilly News: घर से उठवाकर रात भर थाने में धमकाया, जबरन सादे कागज पर लगवाया अंगूठा
होमगार्ड पिटाई प्रकरण में एसएसपी से मिलने पहुंचे विभिन्न संगठनों के लोग और सपा नेता
बरेली, अमृत विचार। नवाबगंज के तहसीलदार की सुरक्षा में तैनात दो होमगार्डों की अमानवीयता का शिकार थाने का चौकीदार वीरेंद्र धानुक शुक्रवार को सपा के नेताओं के साथ डीएम और एसएसपी से मिला। दोनों होमगार्डों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने के साथ उसने आरोप लगाया कि घटना के बाद उसे जबरन घर से उठवाकर रात भर थाने में रखा गया।
इस दौरान एडीएम, एसडीएम और इंस्पेक्टर के साथ आरोपी होमगार्डों ने भी उसे जमकर धमकाया और उससे जबरन सादे कागज पर अंगूठा भी लगवा लिया। उसने एफआईआर में इन अधिकारियों का भी नाम शामिल करने की मांग की है। पीड़ित चौकीदार वीरेंद्र को साथ लेकर शुक्रवार को सपा प्रत्याशी प्रवीण सिंह ऐरन, पूर्व मेयर सुप्रिया ऐरन और भीम आर्मी समेत कई संगठनों के नेता डीएम और एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान से मिलने पहुंचे थे।
वीरेंद्र ने दोनों अधिकारियों को प्रार्थनापत्र देकर आरोप लगाया कि पुलिस घटना के अगले दिन रात 10 बजे उन्हें जबरन घर से उठा लाई थी। इसके बाद रात भर उन्हें थाने में रखा गया। इस दौरान एडीएम, एसडीएम, तहसीलदार, इंस्पेक्टर और रिछोला चौकी इंचार्ज के साथ दोनों आरोपी होमगार्डों ने भी जमकर धमकाया और सादे कागज पर अंगूठा लगवा लिया।
वीरेंद्र ने डीएम को बताया कि अधिकारियों ने उन्हें चेतावनी दी कि उसने आगे कोई शिकायत की तो उसे जेल भेज दिया जाएगा। इसके बाद कई राजनीतिक और असामाजिक लोग भी उन्हें लगातार धमकियां देकर समझौता करने को कह रहे हैं।
वीरेंद्र ने डीएम को दिए प्रार्थनापत्र में उन्हें घर से उठवाकर थाने में धमकाने वाले अधिकारियों के नाम भी एफआईआर में शामिल कराकर कार्रवाई करने का आग्रह किया। वीरेंद्र के साथ पहुंचे सपा नेताओं में पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार, आम आदमी पार्टी की नेता सुनीता गंगवार, आंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुरेंद्र सोनकर, जितेंद्र मुंडे, वेदप्रकाश वाल्मीकि, छेदालाल दिवाकर, शेर सिंह गंगवार, संजय वर्मा समेत कई लोग शामिल थे।
बता दें कि घटना 14 मई को हुई थी। चौकीदार वीरेंद्र धानुक के मुताबिक मंगलवार शाम 4 बजे अपनी जमीन की फर्द निकलवाने तहसील गए थे जहां तहसीलदार की सुरक्षा में तैनात होमगार्ड वीरबहादुर गंगवार और रामपाल गंगवार ने उनसे पूछा कि उन्होंने वोट किसे दिया।
उन्होंने सपा का नाम लिया तो यह कहते हुए उनके साथ अमानवीय ढंग से मारपीट की कि मुफ्त का राशन खाकर भी दूसरी पार्टी को वोट दे दिया। दोनों ने उन्हें सड़क पर गिरा दिया और राइफल की बटों और लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा। वीरेंद्र के साथ मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दोनों होमगार्डों के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट के तहत मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कर उनका शांति भंग करने के आरोप में चालान कर दिया था। कुछ ही देर में दोनों को जमानत मिल गई थी।
कमांडेंट ने आरोपी होमगार्डों को नोटिस देकर मांगा जवाब, ड्यूटी करने से रोका
चौकीदार वीरेंद्र धानुक के साथ अमानवीय ढंग से मारपीट करने के मामले में जिला होमगार्ड कमांडेंट ने आरोपी होमगार्ड वीरबहादुर गंगवार और रामपाल गंगवार को ड्यूटी से रोक दिया है। साथ ही दोनों को नोटिस जारी कर 15 दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है।
इसके बाद कमांडेंट के स्तर से रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय भेजी जाएगी। जिला होमगार्ड कमांडेंट शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों होमगार्डों के खिलाफ अभी कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उन्हें ड्यूटी से रोकने के साथ नोटिस जारी कर 15 दिन के अंदर स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। स्पष्टीकरण आने के बाद रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय भेजी जाएगी।
आज आएगी मेडिकल रिपोर्ट, बढ़ सकती हैं धाराएं
सीओ नवाबगंज हर्ष मोदी ने बताया कि चौकीदार के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कर उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए जिला होमगार्ड कमांडेंट को पत्र लिख दिया है। पीड़ित चौकीदार की मेडिकल रिपोर्ट शनिवार दोपहर तक आ सकती है। रिपोर्ट में अगर गंभीर चोटों का जिक्र हुआ तो धाराएं बढ़ाई जा सकती हैं। इसके बाद दोनों होमगार्डों पर एक बार फिर कार्रवाई हो सकती है।
ये भी पढे़ं- बरेली: गर्मी झेलने को हो जाओ और तैयार...लगातार चढ़ रहा पारा, कल 44 पहुंचने के आसार
