Bareilly News: भट्ठा कर्मचारियों ने बाइक सवार युवकों को पीटा, जेसीबी चढ़ाने की कोशिश...एक घायल
आंवला, अमृत विचार। भट्ठा कर्मियों ने खनन के दौरान गिरी मिट्टी पर पानी डाला तो सड़क पर फिसलन हो गई। इस वजह से बाइक सवार युवक गिरकर चोटिल हो गए। नाराज बाइक सवारों ने भट्ठे पर पहुंचकर मिट्टी पर पानी डालने का विरोध किया।
भट्ठा कर्मियों ने युवकों के साथ मारपीट की और जेबीसी चढ़ाने की कोशिश की। चीख पुकार सुनकर ग्रामीणों पहुंचे तो कर्मचारी भाग गए। गुस्साए ग्रामीण रात में ही ट्रैक्टर-ट्राली से थाना पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वहीं, पुलिस ने घायल बाइक सवार युवक को मेडिकल के लिए अस्पताल भेजा है।
गांव अलीनगर निवासी हरपाल ने बताया कि शुक्रवार रात 8:30 बजे वह गांव के सुशील कुमार उर्फ टिटू, दामोदर, सूरजभान और मुकेश के साथ दो बाइकों से आंवला से गांव लौट रहे थे। अवैध खनन के चलते गिरी मिट्टी के कारण मार्ग से निकलने में दिक्कत होती है। रास्ते में ईंट भट्ठा के कर्मचारियों ने मिट्टी पर पानी डाल दिया। इस वजह से सड़क पर फिसलन हो गई। वहां से निकलते समय उनकी बाइकें गिर गईं।
वे लोग ईंट भट्ठे पर शिकायत करने पहुंचे तो भट्ठे कर्मचारियों ने उनके साथ मारपीट की और जेसीबी चढ़ाने का प्रयास किया। जेसीबी से बाइकों में टक्कर मारी, जिससे हरपाल घायल हो गए। हरपाल का आरोप है कि इस दौरान भट्टा कर्मियों ने जाति सूचक शब्दों का प्रयोग किया। शिकायत पर पुलिस ने घायल को मेडिकल के लिए भेजा है।
ये भी पढे़ं- Bareilly News: घर से उठवाकर रात भर थाने में धमकाया, जबरन सादे कागज पर लगवाया अंगूठा
