पीलीभीत: झोलाछाप को राहत...शिक्षिका ने कोर्ट में दिया बयान, बोली- परिजन से नाराज होकर गई थी घर से

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पूरनपुर, अमृत विचार। चार दिन पहले रहस्यमय ढंग से लापता हुई शिक्षिका के बयान के बाद झोलाछाप को राहत मिलती दिखी है। शिक्षिका ने परिजन से नाराज होने पर खुद ही घर से जाने की बात कही। झोलाछाप पर पिता की ओर से लगाए गए आरोपों को भी गलत बताया। शिक्षिका के बयान पर चार दिन बाद झोलाछाप को छोड़ दिया गया।

बता दें कि नगर की रहने वाली एक युवती निजी स्कूलों में शिक्षिका है। बुधवार को वह स्कूल जाने की बात कह कर घर से निकली थी। उसके बाद घर नहीं लौटी। उसके पिता की ओर से मोहल्ले में क्लीनिक चलाने वाले गैर समुदाय के एक झोलाछाप के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। पुलिस ने झोलाछाप को उसी दिन हिरासत में ले लिया और पूछताछ शुरू कर दी। दो दिन बाद युवती खुद ही गजरौला थाने पहुंच गई। शुक्रवार को पुलिस ने कोर्ट में शिक्षिका के बयान दर्ज कराए। 

इस दौरान उसने मजिस्ट्रेट के सामने परिजनों से नाराज होकर खुद ही अकेले घर से चले जाने के बारे में बताया। शिक्षिका के बयान के बाद पुलिस ने उसे परिजनों को सौंप दिया। इसके अलावा चार दिनों से हिरासत में चल रहे झोलाछाप को भी छोड़ दिया। कस्बा इंचार्ज प्रद्युमन कुमार ने बताया कि युवती खुद ही नाराज होकर घर से चली गई थी। इस पर पूछताछ के लिए हिरासत में लिए गए व्यक्ति को छोड़ दिया गया है।

ये भी पढ़ें- पीलीभीत: बहुत हुई बिजली कटौती की मार, नहीं हुआ समाधान...अब व्यापारी आंदोलन करने को तैयार, बनाई रणनीति 

संबंधित समाचार