Weather Update Kanpur: गर्मी से बेहाल हुए लोग, 46.9 डिग्री सेल्सियस पहुंचा तापमान, मौसम विभाग ने जताई यह आशंका

Weather Update Kanpur: गर्मी से बेहाल हुए लोग, 46.9 डिग्री सेल्सियस पहुंचा तापमान, मौसम विभाग ने जताई यह आशंका

कानपुर, अमृत विचार। शहर में सीजन का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया है। एयरफोर्स चकेरी के अनुसार शनिवार को शहर में अधिकतम तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गर्मी में अचानक बढोतरी से शहरवासी बेहाल रहे। चक्कर, बेहोशी और सर में दर्द होने की आम परेशानियां सामने आती रही। 

मौसम वैज्ञानिकों की माने तो रविवार शाम तक बंगाल की खाड़ी से आने वाली हवाएं शहर के तापमान में नमी ला सकती है। यदि ऐसा नहीं हुआ तो तीन दिन के भीतर पारे में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस से अधिक की बढ़ोतरी हो सकती है। 

शहर में सुबह से ही गर्मी ने अपना सितम दिखाना शुरू कर दिया था। तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया। दोपहर तक सड़कों में औसत से कम लोग दिखाई दिए। बाजारों में खासतौर पर सन्नाटा पसरा रहा। आम दिनों के मुकाबले जनरलगंज, गल्ला मंडी, कलक्टरगंज, बिरहाना रोड जैसी बाजारों में कम ग्राहक रहे। 

कारोबारियों ने दावा किया कि गर्मी की वजह से अन्य जिलों से आने वाले व्यापारियों की आमद कम हो गई है। इसी तरह पीरोड, सासामऊ, आर्य नगर, गुमटी, चावला मार्केट जैसी बाजारों में भी दोपहर को खरीदारी करने वालो की कमी रही। बढ़ती गर्मी पर झकरकटी बस अड्डे पर महिला बेहोश हो गई। उसपर पानी के छींटे मारकर होश में लाया जा सका। इसी तरह हैलट में चक्कर व बेहोशी के 13 मामले रिकॉर्ड किए गए। 

इन मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। उधर बढ़ते तापमान पर मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि रविवार शाम तक हल्के बादलों व हवाओं की वजह से तापमान में कमी संभव हो सकती है। इसके बावजूद नम हवाओं के चलते उमस भरी गर्मी का सामना शहरवासियों को करना पड़ सकता है। यदि ऐसा नहीं होता है तो आने वाले दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी संभव हो सकती है।

यह भी पढ़ें- Kanpur: छेड़छाड़ से आहत युवती ने किया आत्मदाह का प्रयास, दो सगे भाइयों समेत अज्ञात युवकों पर रिपोर्ट दर्ज