बदायूं: गंगा में डूब रही ममेरी बहन को बचाने के चक्कर में डूबा युवक, परिवार में मचा कोहराम
युवक के डूबने के दौरान गंगा घाट पर मौजूद परिजन व अन्य
कछला, अमृत विचार। कछला स्थित भागीरथी घाट पर स्नान करने आए लोगों की डूबकर मौत होने का सिलसिला नहीं रुक रहा है। लगातार मौत हो रही हैं। रविवार को भी गंगा में डूब रही ममेरी बहन को बचाने के चक्कर में एक युवक गंगा में डूब गया। गोताखोरों ने उसका शव गंगा से बरामद किया।
जिला कासगंज के थाना सोरों क्षेत्र के मोहल्ला मढ़ई निवासी प्रमोद दुबे रविवार को अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ गंगा स्नान करने के लिए कछला स्थित भागीरथी घाट पर आए थे। साथ में उनका बेटा तरुण दुबे (18), साले की बेटी कुमकुम पत्नी नीरू दुबे, साली शशि, अर्जुन भी स्नान करने आए थे।
स्नान के दौरान कुमकुम गंगा में गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। तरुण दुबे ने ममेरी बहन कुमकुम को डूबता देखा तो गंगा में उनकी ओर बढ़े। घाट पर शोर मचा तो गोताखोरों और नाविकों ने भी गंगा में छलांग लगा दी। गोताखोरों ने कुमकुम को सकुशल बाहर निकाल लिया लेकिन तरुण गंगा में बह गए। तकरीबन एक घंटे के बाद गोताखोरों ने तरुण को बाहर निकाला। तरुण दुबे को उझानी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और शव अपने साथ सोरों ले गए।
ये भी पढे़ं- बदायूं: प्लाट में मिला खेत पर फसल देखने गए अधिवक्ता का शव, परिवार में मचा कोहराम
