हल्द्वानी: पत्नी ने लौटने से किया इंकार, पति ने पेट्रोल डालकर खुद को लगाई आग

Amrit Vichar Network
Published By Bhupesh Kanaujia
On

ससुरालियों ने बुझाई आग, आईसीयू में युवक की गंभीर हालत

हल्द्वानी, अमृत विचार। नाराज पत्नी को ससुराल लेने पहुंचे पति ने खुद को पेट्रोल डाल कर आग लगा ली। युवक को धधकता देख ससुरालियों के होश फाख्ता हो गए। किसी तरह आग बुझाकर ससुरालियों ने उसे डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया। वह आधे से ज्यादा जल चुका है और आईसीयू में उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। 

मंडी पुलिस चौकी क्षेत्र की नीलांचल कॉलोनी फेज दो निवासी विशाल मौर्या यहां अपनी पत्नी किरन, मां व परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रहता है। विशाल के भाई के मुताबिक कुछ दिन पूर्व किरन का अपनी सास से विवाद हो गया था। इससे नाराज किरन ने अपने भाई को बुलाया और मायके चली गई।

पिछले तीन दिनों से विशाल लगातार नाराज पत्नी को मनाने की कोशिश कर रहा था। बात नहीं बनी तो शनिवार को वह ससुराल पहुंच गया। यहां उसका पत्नी और सुसारियों से विवाद हो गया। पत्नी ने उसके साथ लौटने से इनकार कर दिया। इससे नाराज विशाल ने ससुरालियों के सामने ही खुद पर पेट्रोल डाला और पत्नी के न लौटने पर आग लगाने की धमकी देने लगा। पत्नी फिर भी नहीं मानी तो उसने खुद को आग लगा ली।

वह धू-धूकर जलने लगा। इससे ससुरालियों में हड़कंप मच गया। उन्होंने किसी तरह आग पर काबू पाया गया और उसे अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने मुताबिक विशाल लगभग 50 प्रतिशत तक जल चुका और आईसीयू में उसका उपचार चल रहा है। कोतवाल उमेश कुमार मलिक का कहना है कि युवक ने खुद आग लगाई है। घायल व उसकी पत्नी के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। युवक की हालत नाजुक बनी हुई है।  

सास ने दाल बनाने को कहा तो नाराज हो गई बहू
विशाल मौर्या की शादी चार माह पहले तीनपानी खन्ना फार्म के पास रहने वाली किरन से हुई थी। अस्पताल में भर्ती विशाल ने बताया कि छह दिन पहले उसकी मां की तबीयत खराब हुई थी। मां ने पत्नी से दाल बनाने को कहा था। इस पर वह नाराज हो गई और अपने कमरे में जाकर बैठ गई। पत्नी ने फोन कर अपने भाई को बुलाया और मायके चली गई। 

साले ने पीटा, अपनी बाइक से निकाला पेट्रोल
विशाल की मानें तो वह विवाद नहीं चाहता था। अपनी पत्नी को मना कर घर वापस ले जाने के लिए ससुराल गया था। हालांकि पत्नी ने आने से मना कर दिया। उसने जोर दिया तो साले ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। पत्नी के इनकार और ससुरालियों के सामने हुई पिटाई से उसने बेइज्जती महसूस की। जिसके बाद उसने बाइक से पेट्रोल निकाला और अपने ऊपर उड़ेल कर आग लगा ली।  

छह घंटे बाद दी घायल के परिवार को खबर
विशाल के पिता का कहना है कि उनके बेटे को बहू परेशान कर रही थी। जबकि शादी को सिर्फ चार माह हुए थे और बेटे पर तलाक देने का दबाव बनाया जा रहा था। आरोप है कि आग लगाने की घटना शनिवार दोपहर दो बजे की है। इतनी बड़ी घटना हुई, लेकिन न तो बहू ने इसकी सूचना दी और न उसके परिवार के अन्य सदस्य ने। उन्हें रात आठ बजे पता चला तो अस्पताल पहुंचे।

संबंधित समाचार