Video: गोंडा सपा प्रत्याशी ने भयमुक्त मतदान प्रक्रिया पर उठाए सवाल, डीएम ने किया खारिज
EVM की सपा के निशान वाली बटन की खराबी व ग्राम प्रधान पर वोटरों को डराने का आरोप
गोंडा, अमृत विचार। गोंडा लोकसभा सीट पर मतदान की प्रक्रिया जारी है। जिले में दोपहर एक बजे तक 33 प्रतिशत वोटिंग हो चुकी है। इसी बीच गोंडा लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी श्रेया वर्मा ने मनकापुर क्षेत्र के धरमपुर के ग्राम प्रधान पर पोलिंग बूथ के भीतर मौजूद रहकर वोटरों को डराने और उनपर दबाव बनाने का आरोप लगाया है।
श्रेया ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर निर्वाचन आयोग को टैग कर इसकी शिकायत की है। श्रेया ने गौरा विधानसभा क्षेत्र के सिसहनी पोलिंग बूथ पर ईवीएम मशीन पर सपा के निशान वाली बटन खराब होने और मेहनौन के पूरे सिधारी पोलिंग बूथ की ईवीएम मशीन के खराब होने की शिकायत भी की है। सपा प्रत्याशी श्रेया वर्मा ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा है कि धर्मपुर पोलिंग बूथ पर ग्राम प्रधान बूथ के अंदर मौजूद हैं। जिसके चलते मतदाता भय मुक्त होकर मतदान नहीं कर पा रहे हैं। इसी तरह गौरा विधानसभा क्षेत्र के सिसहनी पोलिंग बूथ पर ईवीएम मशीन में साइकिल के खाने वाली बटन काम नहीं कर रही है।
उन्होंने निर्वाचन आयोग से इन मामलों में तत्काल कार्रवाई की मांग की है। वहीं जिला निर्वाचन अधिकारी नेहा शर्मा ने सपा प्रत्याशी के आरोपों को खारिज किया है और कहा कि सपा प्रत्याशी के शिकायतों की जांच कराई गई लेकिन सभी शिकायतें निराधार पायी गयीं है। सभी पोलिंग बूथ पर निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से चल रही है।
#Video गोंडा सपा प्रत्याशी ने भयमुक्त मतदान प्रक्रिया पर उठाए सवाल, डीएम ने किया खारिज#gondadm #voting #loksabhaelection pic.twitter.com/DMs9KhYgQM
— Amrit Vichar (@AmritVichar) May 20, 2024
