भीषण गर्मी से कासगंज डिपो की आय में आई भारी कमी, यात्री न मिलने की वजह से खाली दौड़ रहीं बसें

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

दिल्ली के अलावा अन्य मार्गों के लिए नहीं हैं एसी बसें

कासगंज रोडवेज बस स्टैंड पर यात्रियों के इंतजार में खड़ी डिपो की बस

कासगंज, अमृत विचार। भीषण गर्मी से कासगंज डिपो की आय में भारी कमी आई है। गर्मी के कारण यात्री निगम की बसों में यात्रा करने से परहेज कर रहे हैं। बसें खाली दौड़ रही हैं। कासगंज से दिल्ली मार्ग पर ही एसी बसों का संचालन है। जबकि अन्य मार्गों पर कोई एसी बस नहीं है। ऐसे में गर्मी के कारण लोग बसों में यात्रा नहीं कर रहे हैं। 

सुबह से ही आसमान से बरसते आग के शोले ने आमजन-जीवन अस्त व्यस्त कर दिया है। लोग बिना जरूरी कार्य से घरों से नहीं निकल रहे हैं। बसों में यात्रा करना तो लोगों के लिए परेशानी का सबब बन रहा है। ऐसे में लोग निगम की बसों में यात्रा करने से बच रहे हैं। निगम की द्वारा चलाई जा रही एसी बसों के लिए तो यात्री उपलब्ध हैं, लेकिन सामान्य बसों के लिए यात्रियों की संख्या न के बराबर रह गई है। 

तपती दोपहरी में सड़कों पर दौड़ रहीं निगम की बसें अधिकांश खाली ही दिखाई देती हैं। जबकि सुबह और शाम को यात्री तो रहते हैं, लेकिन बसों में संख्या कम है। हालात यह है कि भीषण गर्मी में लोग निगम की बसों में यात्रा करने से गुरेज कर रहे हैं। परिणामस्वरूप कासगंज डिपो की आय में भारी गिरावट आयी है। बसों के चुनाव में चले जाने से भी निगम की आय बीते माह से प्रभावित हो रही है। 

आंकड़ों की नजर से 
-कासगंज डिपो के बेड़े में कुल बसें : 97
-कुल अनुबंधित बसें : 31
-परिवहन निगम की बसें 66

20 फीसद तक गिरी डिपो की आय 
कासगंज डिपो को प्रतिदिन लगभग दो लाख रूपये की आय सामान्य दिनों में होती है। जब निगम की बसें चुनाव में चली गई तब निगम की आय में कुछ कमी आ गई थी, लेकिन अब भीषण गर्मी में निगम की आय ने काफी गिरावट ला दी है। लगभग 20 फीसद आय में कमी आई है। 

इन दिनों गर्मी अधिक पड़ रही है। लिहाजा यात्री नहीं निकल रहे हैं। इसका प्रभाव कासगंज डिपो की आय पर भी पड़ रहा है। वैसे तो यह प्रभाव पूरे प्रदेश में है। अभी कुछ दिनों तक गर्मी के कारण के आय प्रभावित रहेगी। - ओउम प्रकाश, एआरएम

ये भी पढे़ं- कासगंज: साइबर के समुंद्र में डूब रहे नौनिहाल, अभिभावक अनजान

 

संबंधित समाचार