मुरादाबाद : वेश्यावृत्ति को तैयार नहीं हुई तो आठवीं पत्नी को भी घर से निकाला, मुंह में तेजाब डालने की दी धमकी

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

 तीन तलाक के बाद भी ननिहाल में रह रही पीड़िता पर किया हमला

मुरादाबाद, अमृत विचार। एक-दो नहीं बल्कि, आठ निकाह रचाने वाले पति ने अपनी आठवीं पत्नी को भी तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। पीड़िता का आरोप है कि उसका पति जुआरी-शराबी है, खर्चों को पूरा करने को उसे वेश्यावृत्ति में झोंकने की कोशिश की।पीड़िता ने सोमवार को एसएसपी आपबीती सुनाई। इस पर एसएसपी हेमराज मीना ने मझोला थानाध्यक्ष को तत्काल एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

पीड़िता ने एसएसपी को बताया है कि उसकी ससुराल कटघर थाना क्षेत्र में गुलाबबाड़ी में है। वर्तमान में वह ननिहाल में मझोला थाना क्षेत्र में जयंतीपुर नई आबादी में रह रही है। उसका निकाह 6 साल पहले हुआ था। निकाह के बाद उसे पता चला कि उसके पति अब तक आठ महिलाओं से निकाह कर चुका है। आठवीं महिला के रूप में उसने पीड़िता के साथ निकाह किया है।

पीड़िता का कहना है कि उसका पति जुआरी-शराबी है। खर्चों को पूरा करने के लिए वह उसे जबरदस्ती वेश्यावृत्ति के धंधे में डालना चाहता था। यहां तक कि उसका पति अपने साथ लड़कों को लाकर जबरदस्ती उसके साथ गलत काम करने पर मजबूर करता था। राजी न होने पर वह उसे मारता-पीटता था। 

पीड़िता ने बताया कि उसके पति ने निकाह कर महिलाओं को बेचना और उनसे धंधा कराने का पेशा बना लिया था। वह विरोध करती तो इस पर उसका पति उसे बहुत बुरी तरह से मारता था। पीड़िता का कहना है कि उसका पति पड़ोस के व्यक्तियों के विरुद्ध झूठे आरोपों में उससे एफआईआर दर्ज कराने का दबाव बना रहा था। ऐसा करने से जब उसने मना किया तो उसके पति ने उसे बहुत मारा था। तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया था। ये बात दो महीने पहले की है। पीड़िता वह रोती-बिखलती जयंतीपुर में अपनी मामी के पास पहुंची थी, जहां वह रह रही है।

महिला ने बताया कि अभी 17 मई के दिन दोपहर 3 बजे के दौरान वह अपने घर जयंतीपुर में परिवार के साथ बैठी थी कि इतने में ही उसका पति भाई और बहनोई के साथ आ गया। इनके हाथों में तमंचे थे। ये लोग उसे देखते ही गालियां देने लगे और जान से मार देने की धमकी देते हुए जबरदस्ती खींचकर घर से बाहर ले आए थे। जब उसने विरोध किया तो आरोपियों ने उसे लात-घूसों से मारा-पीटा। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग आ गए तो आरोपी ने पीड़िता के मुंह में तेजाब डालने की धमकी देते हुए भाग गए थे। इस मामले में मझोला थानाध्यक्ष कमलेश कांत वर्मा ने बताया कि प्रकरण संज्ञान में आया है। आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढे़ें : मुरादाबाद : बरसात से पहले सीवरेज पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा न होने पर बढ़ेंगी मुश्किलें

 

संबंधित समाचार