कांग्रेस ने मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ ‘अशोभनीय टिप्पणियों’ को लेकर बंगाल प्रभारी से तलब की रिपोर्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल में पार्टी के कुछ पदाधिकारियों द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ की गई ‘अशोभनीय टिप्पणियों’ और प्रदेश इकाई के कार्यालय में ‘तोड़फोड़’ के मामले को पार्टी विरोधी गतिविधि एवं अनुशासनहीनता करार दिया है तथा प्रभारी गुलाम अहमद मीर से तथ्यात्मक रिपोर्ट तलब की है। 

पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने एक बयान जारी कर कहा कि इस घटनाक्रम से पार्टी के कार्यकर्ताओं की भावनाएं आहत हुई हैं तथा इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कोलकाता में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय के सामने रविवार को कांग्रेस अध्यक्ष खरगे के कई पोस्टर और होर्डिंग्स पर कथित तौर पर स्याही फेंकी गई थी। 

मल्लिकार्जुन खरगे ने तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी की ‘इंडिया’ गठबंधन के प्रति निष्ठा पर सवाल उठाने के लिए कांग्रेस की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी को फटकार लगाई थी, जिसके एक दिन बाद यह घटना हुई। वेणुगोपाल ने सोमवार को एक बयान जारी कर कहा, ‘‘यह हमारे संज्ञान में लाया गया है कि कांग्रेस के कुछ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मीडिया के साथ-साथ सोशल मीडिया पर माननीय कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ कुछ अशोभनीय टिप्पणियां की हैं।

 कुछ उपद्रवियों द्वारा डब्ल्यूबीपीसीसी कार्यालय के बाहर लगे होर्डिंग को भी तोड़ने की घटना को अंजाम दिया गया है। इससे पार्टी के लाखों कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भावनाएं आहत हुई हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम ऐसी गंभीर पार्टी विरोधी गतिविधियों को बहुत गंभीरता से ले रहे हैं।

भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस अवज्ञा और अनुशासनहीनता के ऐसे सार्वजनिक प्रदर्शन को बर्दाश्त नहीं करेगी। पश्चिम बंगाल के प्रभारी महासचिव को घोर अनुशासनहीनता के इन कृत्यों पर तुरंत तथ्यात्मक रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।’’

ये भी पढ़ें- Loksabha Elections 2024: लोकसभा की 49 सीटों पर दोपहर 3 बजे तक 47 प्रतिशत मतदान, पश्चिम बंगाल में सबसे ज्यादा वोटिंग

संबंधित समाचार