संभल: गंगा में नहाते वक्त तीन किशोर डूबे, दो को निकाला...एक लापता
गुन्नौर में किशोर को गंगा में तलाशते बोट में सवार गोताखोर
संभल/गुन्नौर, अमृत विचार। गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र में गांव गंगावास के निकट गंगाघाट पर सोमवार को हादसा हुआ। पशु चराने के दौरान गंगा में नहा रहे तीन किशोर गहरे पानी में डूब गए। लोगों ने दो किशोरों को बचा लिया लेकिन एक किशोर लापता हो गया। स्थानीय गोताखोरों ने गंगा में किशोर की तलाश शुरू कर दी लेकिन घंटों बाद भी सफलता नहीं मिल सकी।
सोमवार को सुबह गांव फत्तेहपुर के कुछ किशोर गंगा के बेले में स्थित खेतों में पशुओं को चराने के लिए पहुंचे। इनमें ब्रजेश (16) पुत्र ललतेश, सुमित (14) पुत्र नेत्रपाल और नेत्रपाल का भांजा अंकित (15) पुत्र उमेश निवासी गांव ईसापुर आदि गर्मी लगने पर सुबह करीब 11 बजे गंगा में नहाने लगे। गंगा में नहाने के दौरान तीनों किशोर गहरे पानी में चले गए। पानी अधिक होने के कारण तीनों किशोर डूबने लगे।
अन्य किशोरो ने शोर मचाया तो आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह से सुमित और अंकित को बचा लिया लेकिन ब्रजेश गहरे पानी में डूब गया। समाजसेवी केवी यादव ने हादसे की पुलिस को सूचना दी। कोतवाल संजीव बालियान ने तुरंत स्थानीय गोताखोरों और पुलिस बल के साथ गंगाघाट पर पहुंच गए। गोताखोरों ने गंगा में छलांग लगाकर ब्रजेश की तलाश शुरू कर दी।
गोताखोरों ने काफी प्रयास किया लेकिन ब्रजेश का पता नहीं चल सका। इस बीच परिजनों और ग्रामीणों ने ब्रजेश के सकुशल बाहर निकल आने को लेकर प्रार्थना की। गांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य कालाराम यादव ने बताया कि ब्रजेश कक्षा सात का छात्र है।
ये भी पढे़ं- संभल: महिला से प्रेम संबंध में पत्नी को पेड़ से बांधकर पीटा, पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी पति की तलाश की शुरू
