बदायूं: सवारियां बैठाने को लेकर विवाद, रास्ते में घेरकर चालक को पीटा...बस में फेंके पत्थर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बिसौली, अमृत विचार। अपने गांव के चालक की पिटाई से आक्रोशित लोगों ने एक रोडवेज बस पर हमला बोल दिया। चालक को धुन दिया और बस पर पत्थर फेंके। सवारियों ने सीट के नीचे छुपकर जान बचाई। पीड़ित चालक ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। देर शाम तक दोनों पक्षों के बीच समझौते का प्रयास चल रहा था।

नगर बिसौली के मोहल्ला नई बस्ती के वार्ड 17 निवासी आसिफ अली और गांव दिसौलीगंज निवासी अवधेश बरेली डिपो में रोडवेज बस के चालक हैं। आसिफ अली और अवधेश सोमवार सुबह लगभग 8 बजे रोडवेज बस लेकर बिसौली बस अड्डा पर पहुंचे। सवारियां बैठाने को लेकर सवारियां बैठाने को लेकर अवधेश और आसिफ में विवाद हो गया। आरोप है कि आसिफ ने अवधेश पर हमला तोड़ दिया। अवधेश घायल हो गए। 

लोगों के समझाने पर मामला शांत हो गया। अवधेश अपनी रोडवेज बस लेकर आगे चल दिए। वह गांव दिसौलीगंज के पास पहुंचे। सवारियां उतार रहे थे। बस बेतरतीब लगा दी। आसिफ भी पीछे से बस लेकर आ गए। आगे आगे दूसरी बस खड़ी होने के चलते वह अपनी बस नहीं निकाल पाए। आरोप है कि अवधेश के अलावा उनके परिजन भी वहां मौजूद थे। 

आसिफ को बस से बाहर खींचने की कोशिश की लेकिन उन्होंने बस का दरवाजा भीतर से बंद कर लिया था। दरवाज न खोलने पर हमलावरों ने बस और दरवाजे पर डंडे मारे। गाली-गलौज करते हुए डंडों से पिटाई लगा दी। उनकी रोडवेज बस पर कुछ पत्थर फेंके। बस के शीशे टूट गए। बस के भीतर बैठी सवारियां में चीख पुकार मच गई। लोगों ने सीटों के नीचे छिपकर जान बचाई। आसपास लोगों की भीड़ लग गई। उनके समझाने पर मामला शांत हो गया। 

सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक अवधेश कुमार मौके पर पहुंचे। आसिफ ने कोतवाली बिसौली पुलिस को तहरीर दी है। कहा कि अवधेश ने धमकी दी है कि अगर इस रूट पर बस चलाई तो जान से मार देगा। बिसौली कोतवाल सुनील अहलावत ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। निगम के अधिकारियों को भी अवगत कराया जाएगा।

ये भी पढे़ं- बदायूं: सत्यापन के दौरान पकड़ी घटतौली, दुकानदारों के हुए चालान

 

संबंधित समाचार