बदायूं: सत्यापन के दौरान पकड़ी घटतौली, दुकानदारों के हुए चालान
बदायूं,अमृत विचार: लोकसभा चुनाव की गतिविधियां समाप्त होने के बाद बाट माप विभाग सक्रिय हो गया है। अधिकारियों ने बाजार में छापामार कार्रवाई करनी शुरू कर दी है। बाट माप अधिकारियों द्वारा सर्राफा बाजार में आभूषण विक्रेताओं के कांटे बाट चेक किए। जिसमें तीन के कांटे सत्यापित नहीं मिले। वहीं मिठाई की दुकानों पर घटतौली पकड़ी। जिस पर उनके द्वारा सर्राफा व्यापारियों को नोटिस जारी किया गया।
वहीं घटतौली करने वालों के चालान काटे गए। इस दौरान अनाधिकृत रुप से कांटे बाट की मरम्मत के नाम पर एक व्यक्ति द्वारा रुपये वसूले जाने की शिकायत भी व्यापारियों द्वारा अधिकारियों से की गई। जिस पर उन्होंने अवैध वसूली करने वाले के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की सलाह दुकानदारों को दी।
बाट माप अधिकारी संजय सरोज और अंकित अग्रवाल ने विभागीय टीम के साथ बाजार में बाट माप चैकिंग अभियान चलाया। सर्राफा बाजार में अधिकारियों द्वारा आभूषण विक्रेताओं के कांटे बाट चेक किए। इस दौरान उन्हें मदन लाल पाल, प्रमोद गुप्ता, अतुल गुप्ता ज्वेलर्स के कांटे असत्यापित मिले। उन्हें कांटे सत्यापित कराने के लिए नोटिस जारी किया गया।
इसके साथ ही बाट माप अधिकारी ने रामनाथ गुप्ता और रफीक उर्फ गुड्डू की मिठाई की दुकान पर कांटे की जांच में घटतौली पकड़ी। वहीं लावेला चौक स्थित मनीष जैन की सरिया सीमेंट, बोहरा प्लाईबुड, एफएस होम डेकोर पर भी अधिकारियों ने घटतौली पकड़ी। इन सभी का अधिकारियों ने चालान काटा। बाजार में निरीक्षण के दौरान व्यापारियों ने बताया कि विभाग द्वारा निलंबित मम्मतकर्ता राकेश गुप्ता द्वारा उनके कांटे बाट की मरम्मत की गई। इसके एवज में उनसे 5 सौ से लेकर एक हजार तक रुपये लिए गए।
लेकिन न कोई रसीद की गई और न ही प्रमाण पत्र दिया गया। जिस पर बॉट माप अधिकारी ने अवैध वसूली कर रहे राकेश गुप्ता से सावधान रहने और उसके खिलाफ संबंधित थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने सलाह दी गई। साथ ही कहा कि अगर फिर से बाजार में दिखे तो उसकी सूचना फौरन विभाग को दी जाए।
ये भी पढ़ें- बदायूं: स्कूल से अनुपस्थित चल रही शिक्षिका, बीएसए ने किया निलंबित
