बरेली: गोवंशीय पशुओं का वध कर मांस ले गए तस्कर, पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज की रिपोर्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ समेत तमाम संगठन के पदाधिकारियों ने घटना पर जताया आक्रोश

कैंट, अमृत विचार। बुखारा से करेली जाने वाले मार्ग पर एक खेत में आधा दर्जन से अधिक गोवंशीय पशुओं का वध कर तस्कर अवशेष छोड़कर भाग गए। सूचना पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ समेत तमाम हिंदूवादी संगठन के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना पर आक्रोश जताया। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि तस्करों तक पहुंचा जा सके।

बुखारा से करेली जाने वाले मार्ग पर आयुष्मान फर्टिलाइजर गोदाम के सामने खेत में रविवार रात तस्करों ने आधा दर्जन से अधिक गोवंशीय पशुओं का वध कर मांस ले गए। सोमवार सुबह 6 बजे लोग टहलने को निकले तो देखा खते में कुत्ते अवशेषों को खींच रहे हैं। मौके पर खून और अवशेष बिखरे पड़े थे। सूचना पर सीओ सिटी प्रथम पंकज श्रीवास्तव, इंस्पेक्टर जग नारायण पांडेय फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। सीओ ने कार्रवाई का आश्वासन देकर गुस्साए लोगों को शांत कराया। जेसीबी से गड्ढा खोदकर उसमें अवशेष को दफन कर दिया गया। पुलिस ने मामले में वीर महाकाल गोरक्षा दल के आर्यन की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ पशु हत्या और क्रूरता अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष की इंस्पेक्टर से नोकझोंक
मामले को लेकर आंवला भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष नीरज पटेल की इंस्पेक्टर जग नारायण पांडेय से तीखी नोकझोंक हुई। जिलाध्यक्ष ने इंस्पेक्टर से कहा कि क्या करते रहते हैं आप, क्या रात में पुलिस गश्त नहीं कराते हो। इस पर इंस्पेक्टर ने कहा कि थाने की अधिकतम फोर्स चुनाव ड्यूटी में बाहर गई है।

मौके पर बिखरा था खून और गोबर
जहां गोकशी की गई थी। उस खेत में कई अवशेषों के साथ काफी अधपचा गोबर और खून बिखरा पड़ा था। गोवंशीय पशुओं की जीभ, आंत समेत कई अवशेष इधर उधर पड़े थे।

पशु चिकित्सक ने सैंपल लिए
ब्लॉक क्यारा के पशु चिकित्सक डॉ. राजेश यादव ने घटना स्थल से अवशेष के सैंपल लिए। उन्होंने बताया कि जांच के लिए सैंपल मथुरा फॉरेंसिक लैब भेजा जाएगा, ताकि पता चल सके अवशेष गोवंशीय पशुओं के हैं या अन्य जानवर के।

मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। प्रत्येक पहलू पर जांच की जा रही है। शीघ्र ही घटना का खुलासा किया जाएगा-पंकज श्रीवास्तव, सीओ सिटी प्रथम।

ये भी पढ़ें- MJPRU: इंजीनियरिंग के नए पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए जल्द होंगे आवेदन

संबंधित समाचार