लखनऊ में गर्मी से लोग बेहाल, दोपहर से पहले ही 37 डिग्री तक पहुंचा तापमान-राहत के आसार नहीं
लखनऊ, अमृत विचार। राजधानी में बीते तीन दिनों से भीषण गर्मी का सामना करने को लोग मजबूर हैं। सोमवार को पांचवें चरण के लोकसभा चुनाव में धूप के चलते कई पोलिंग बूथ पर सन्नाटा भी पसरा रहा। वहीँ मंगलवार को दोपहर 12 बजे से पहले ही पारा 37 डिग्री तक पहुँच गया। मौसम विभाग के अनुसार दोपहर बाद अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक जाने की सम्भावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
गौरतलब है कि बीते शनिवार को सुबह 6 बजे तक, तापमान पहले ही असामान्य 27 डिग्री पर पहुंच गया था, जो दोपहर तक 42 डिग्री से अधिक हो गया। दोपहर में चलने वाली लू से सड़कों पर लोगों का निकलना न के बराबर हो रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मई माह के समापन से लगाकर जून महीने के पहले सप्ताह तक भीषण गर्मी से निजात के आसार नहीं हैं। हालाँकि इस बीच तेज हवाएं चलने से कुछ राहत की उम्मीद लखनऊ के लोगों को मिल सकती है।

खूब पिएं पानी, तले-भुने और जंक फूड से करें परहेज
नैचुरोपैथ और चिकित्सक लोगों को ज्यादा से ज्यादा पानी पीने की सलाह दे रहे हैं। शरीर में फलों के जूस, छांछ-मठ्ठा और दही जैसे खाद्य पदार्थों के जरिये डीहाइड्रेशन से बचा जा सकता है। साथ ही लोगों को सलाह दी जा रही है कि लू से बचाव करें। सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे के बीच बहुत जरूरी होने पर ही घर से निकलें। छोटे बच्चों को ओआरएस का घोल या फिर नारियल पानी समय-समय पर देते रहें। चिकित्सक लोगों को तले-भुने और जंक फूड का सेवन नहीं करने की सलाह दे रहे हैं, जिससे गर्मी के मौसम में बीमारियों से बचा जा सके।
ये भी पढ़ें -पूर्व आईपीएस प्रेम प्रकाश भाजपा में शामिल, लखनऊ में ज्वाइन की पार्टी
