सिद्धार्थनगर की जनसभा में बोले योगी- प्रदेश का हर माफिया रखता है सपा से संबंध

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी (सपा) पर माफियाओं को आश्रय देने का आरोप लगाते हुये मंगलवार को कहा कि अभी भी हर माफिया सपा से संबंध रखता है। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में डुमरियागंज से सांसद व लोकसभा प्रत्याशी जगदंबिका पाल के पक्ष में जनसभा को संबोधित करते हुये उन्होने कहा कि कांग्रेस और सपा के लोग आतंकियों के आका और माफिया के सरपरस्त हैं।

हर अपराधी व माफिया 2017 के पहले जनता का खून चूसता था, वसूली करता था, बेटी की सुरक्षा पर खतरा था। आज माफिया को उल्टा टांगने और राम नाम सत्य की यात्रा निकलने पर सपा को पीड़ा होती है। हमें माफिया के सहयोगी-सरपस्त, आतंकियों के आकाओं को सत्ता पर काबिज नहीं होने देना है।

उन्होने कहा कि सपा व कांग्रेस के गठबंधन के कारण अनर्थ होता है। जब केंद्र में कांग्रेस व प्रदेश में सपा सरकार थी तो अयोध्या में श्रीरामजन्मभूमि, काशी में संकट मोचन, अयोध्या, लखनऊ व वाराणसी की कचहरियों पर आतंकी हमला हुआ था। सीएम बनते ही अखिलेश यादव ने आतंकियों पर दायर मुकदमों को वापस लेने का कार्य किया था। तब न्यायालय ने कहा था कि आतंकी छूटेंगे नहीं, सरकार को शर्म आनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता जानती है कि सपा और माफिया का चोली-दामन का संबंध है। दोनों को अलग करके देखा ही नहीं जा सकता। प्रदेश का हर माफिया सपा से संबंध रखता है। सपा की संवेदना समाज के बेटी-व्यापारी की सुरक्षा के लिए नहीं, बल्कि माफिया के साथ है। माफिया के प्रति इनकी संवेदना को देखते हुए जनता ने इन्हें 2014, 2017, 2019, 2022 में इन्हें खारिज कर दिया। अबकी बार-400 पार के नारे को सुनकर सपा चारों खाने चित हो रही है। सपा कुल 63 सीट पर चुनाव लड़ रही। इन सभी सीटों पर इनकी जमानत जब्त हो रही है, इसलिए दो लड़कों (सपा व कांग्रेस) का इंडी गठबंधन षडयंत्र व गुमराह कर झूठ-अफवाह फैला रहा है।

उन्होने कहा कि जिस माफिया को गोरखपुर, संतकबीर नगर की जनता ने लात मारकर भगाया है, उसे महात्मा बुद्ध की धरती सिद्धार्थनगर में नहीं पनपने देगी। यह माफिया पनपेंगे तो गरीबों की संपत्ति पर कब्जा करेंगे। डुमरियागंज व कपिलवस्तु में मैं आंदोलन करता था, तब आपको न्याय मिलता था। फिर ऐसी नौबत न आने दें। यह माफिया केवल स्वार्थ के हैं। यह किसी की जमीन कब्जा कर बंदूक की नोक पर लिखवाने का कार्य करेंगे। यद्यपि इन माफिया का हम जीना हराम कर देंगे, लेकिन फिर भी यह माफिया आएंगे तो गुंडागर्दी का प्रयास करेंगे। रंगदारी वसूली करेंगे। वोट और फैसला दोनों आपका है।

योगी ने कहा कि अवसर मिला तो हमने अयोध्या में रामलला को विराजमान कर दिया। सपा वाले रामभक्तों पर गोली चलाते थे। सपा महासचिव का बयान आया कि राम मंदिर बेकार बना है। राम जगत नियंता और परमपिता परमेश्वर हैं। राम के बिना हमारा कोई काम नहीं, जो राम का नहीं वो हमारे किसी काम का नहीं। उन्होने सपा-कांग्रेस के घोषणा पत्र पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यह पाकिस्तान, बांग्लादेश व अफगानिस्तान से घुसपैठियों के रूप में आए मुसलमानों को आपकी संपत्ति देंगे, लेकिन हम लोग विरासत टैक्स हिंदुस्तान में नहीं लगने देंगे। 

यह भी पढ़ें:-सीएम योगी के बयान पर कांग्रेस का पलटवार, कहा- माफी मांगने वाले लोग भाजपा में पाए जाते हैं

संबंधित समाचार