Video: शिवपाल बोले-भाजपा बेईमान और षड्यंत्रकारियों की पार्टी, सभा में टूटा मंच तो कहा ये है शुभ लक्षण
जलालपुर नगर के रामलीला मैदान में सपा उम्मीदवार लाल जी वर्मा के समर्थन में जनसभा को किया संबोधित, भाजपा पर जमकर किया हमला
जलालपुर/ अंबेडकरनगर, अमृत विचार। भारतीय जनता पार्टी बेईमान और खड्यंत्रकारियों की पार्टी है, यह सिर्फ झूठ बोलने का कार्य करती है। भाजपा ने आज तक किसी भी वादे को पूरा नहीं किया है। उक्त बातें सपा के राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने जलालपुर नगर के रामलीला मैदान में आयोजित सपा उम्मीदवार लाल जी वर्मा के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने जो भी वादा किया था उसको पूरा नहीं किया। काला धन लाने को कहा था काला धन नहीं आया। 15 लाख खाते में डालने के लिए कहा था वह भी नहीं दिया। किसानों की आय दोगुनी करेंगे वह भी नहीं किया। बिजली 24 घंटे देंगे उसको भी नहीं किया इसके पश्चात दो करोड़ लोगों को हर वर्ष नौकरी देने का वादा किया था, लेकिन यह वादा भी उन्होंने पूरा नहीं किया। सभी विभागों में भर्ती निकाली गई और दो-दो हजार रुपए लिए गए, लेकिन जब परीक्षार्थी परीक्षा देकर अपने घर नहीं पहुंचा उससे पहले ही पर्चा लीक हो गया। भाजपा ने मेहनती लोगों के बजाय पूजीपतियों का साथ दिया और 16 सौ करोड़ रुपए माफ कर दिया। जबकि इतने पैसे में सबका कर्ज माफ हो जाता। भाजपा ने इतना ही नहीं स्वास्थ्य व शिक्षा का निजीकरण करने जा रही है। 69 हजार शिक्षक को नौकरी से हटा दिया गया। देश की जनता ने तय कर लिया है कि दिल्ली से हटाकर ही रहेगी। सपा सरकार ने सभी वर्ग के लोगों को लैपटॉप दिया और साथ ही किसानों को सिंचाई, नहर का पानी और ट्यूबेल का पानी भी फ्री कर दिया था। भाजपा सिर्फ लोगों का शोषण करने में जुटी हुई है।
भाषण के दौरान टूटा मंच
मंच पर काफी लोगों के चढ़ जाने की वजह से शिवपाल यादव के भाषण के दौरान अचानक मंच टूट गया। जिससे कई लोग धराशाई हो गए, लेकिन शिवपाल गिरने से बाल-बाल बच गए। हालांकि कुछ सपा नेताओं को मच के टूटने के बाद एक दूसरे के ऊपर गिरने की वजह से चोटे भी आई हैं। इस दौरान शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि मंच का टूटना शुभ का लक्षण होता है। उन्होंने कहा कि दल बदलुओं को किसी भी कीमत पर हराना है। इस दौरान उनके मंच पर मौजूद सभी दल बदलुओं ने अगल-बगल झांकना शुरू कर दिए। साथ ही राम अचल राजभर और त्रिभुवन दत्त का मंच पर न होना चर्चा का विषय बना रहा।
#Video: जलालपुर नगर के रामलीला मैदान में भाषण के दौरान टूटा मंच, बाल-बाल बचे शिवपाल यादव
— Amrit Vichar (@AmritVichar) May 21, 2024
कहा- मंच टूटना है शुभ का लक्षण#LokSabhaElections24 #ShivPalYadav #LoksabhaElection #ElectionDuty @shivpalsinghyad @samajwadiparty pic.twitter.com/r7gV3VeToJ
ये भी पढ़ें -सपा और कांग्रेस के लोगों में घुस गई है औरंगजेब की आत्मा, बलरामपुर में बोले सीएम योगी
