बदायूं: एडीएम और सिटी मजिस्ट्रेट का छापा, दुकानें छोड़कर भागे दलाल
एडीएम रेनू सिंह और सिटी मजिस्ट्रेट अरुण कुमार ने मंगलवार को एआरटीओ कार्यालय पर मारा छापा
बदायूं, अमृत विचार। एआरटीओ कार्यालय में दलाली का काम बंद नहीं हो पा रहा है। कुछ महीने पहले सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ सिटी ने छापामारी करके 14 दलालों को पकड़ा था। जिनके पास से कारों में लैपटॉप व ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित दस्तावेज और लोगों के आवेदन मिले थे। दलालों को जेल भेजा गया था। जिसके बाद से दलालों का कार्यालय आने का सिलसिला फिर शुरू हुआ है।
मंगलवार को डीएम के निर्देश पर एडीएम प्रशासन रेनू सिंह और सिटी मजिस्ट्रेट अरुण कुमार ने एआरटीओ कार्यालय पर अचानक छापा मारा। कार्यालय के बाहर बैठे दलाल अपनी दुकानें बंद करके भाग गए। एडीएम ने अनुपस्थित मिले एक कर्मचारी स्पष्टीकरण के बाद ही वेतन जारी करने का निर्देश दिया।
मंगलवार दोपहर एडीएम और सिटी मजिस्ट्रेट की गाड़ियां एआरटीओ कार्यालय के गेट पर रुकीं। कार्यालय के बाहर घूम रहे दलाल खेत तो कोई बाइक उठाकर भाग निकला। दोनों अधिकारी उनकी दुकानों की ओर गए। एआरटीओ से दुकानें के बारे में विस्तार से जानकारी की। जिसके बाद कार्यालय के भीतर कर्मचारियों के केबिन में गए। कर्मचारियों से उनके पटल के बारे में पता किया।
कार्यालय में खड़े लोगों से उनके आने का कारण और परेशान के बारे में भी जानकारी की। कार्यालय का उपस्थिति रजिस्टर चेक किया। दो कर्मचारी अनुपस्थित थे। एक कर्मचारी अपनी कैंसर की दवा लेने गए थे जबकि वरिष्ठ सहायक अनुराग शुक्ला बिना सूचना के अनुपस्थित मिले। एडीएम प्रशासन ने अनुपस्थिति लगाते हुए रजिस्टर पर लिखा कि कर्मचारी से स्पष्टीकरण तलब करने के बाद भी उनका वेतन आहरित किया जाए।
अधिकारियों के कार्यालय से जाने के बाद दलाल फिर अपनी जगह आ गए और कार्यालय में भीतर तक गए। ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए खिड़की पर आवेदकों की लाइन लग गई। एआरटीओ प्रशासन रामवचन गुप्ता ने बताया कि अधिकारियों का निरीक्षण हुआ था। दो कर्मचारी अनुपस्थित मिले थे। उनसे स्पष्टीकरण लिया जाएगा।
सिटी मजिस्ट्रेट के साथ एआरटीओ कार्यालय का निरीक्षण किया था। कर्मचारियों के अलावा कार्यालय आने वालों लोगों से जानकारी की थी। उस दौरान कोई भी बाहरी व्यक्ति कार्यालय में नहीं मिला। आगे भी औचक निरीक्षण किया जाएगा।- रेनू सिंह, एडीएम प्रशासन
ये भी पढे़ं- बदायूं: चक्की पर घटतौली, भाजपा मंडल अध्यक्ष से मारपीट कर हवालात में डाला
