बदायूं: चक्की पर घटतौली, भाजपा मंडल अध्यक्ष से मारपीट कर हवालात में डाला

Amrit Vichar Network
Published By Moazzam Beg
On

दरोगा की शह पर सिपाही पर मंडल अध्यक्ष को पीटने का आरोप, धरना पर बैठे थे कार्यकर्ता

भाजपा मंडल अध्यक्ष को हवालात में डालने की सूचना पर थाने पहुंचे भाजपा कार्यकर्ता

उसहैत, अमृत विचार। एक गांव निवासी किसान गेहूं की पिसाई कराने चक्की पर गया। चक्की संचालक ने उनका गेहूं कम बताया। दोनों के बीच विवाद होने लगा। किसान ने भाजपा के मंडल अध्यक्ष को बुलाया और थाने जाकर शिकायत की। 

आरोप है कि दारोगा के कहने पर सिपाही ने मंडल अध्यक्ष से मारपीट की और हवालात में डाल दिया। सूचना मिलने पर पहुंचे भाजपा कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए। सीओ उझानी शक्ति सिंह पहुंचे और मामला शांत कराया। चक्की संचालक के खिलाफ घटतौली, धमकाने और मारपीट के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है।

गांव हाफिज नगला निवासी श्यामपाल पुत्र राजाराम रविवार को अपने 15 किग्रा गेहूं पिसाने के लिए गांव नगरिया दुगानी निवासी अजय पाल की चक्की पर गए थे। जहां कंप्यूटरीकृत कांटे पर गेहूं एक किग्रा कम निकले। श्यामपाल ने हंगामा शुरू कर दिया। अजय पाल से गाली-गलौज और हाथापाई शुरू हो गई। श्यामपाल ने भाजपा के मंडल महामंत्री राहुल लोधी को फोन करके सूचना दी। 

मंडल महामंत्री श्याम पाल के साथ थाना उसहैत पहुंचे। पुलिस को घटना के बारे में बताया। मंडल महामंत्री के अनुसार थाने में हल्का दारोगा जाहिद हुसैन और सिपाही नितिन मिले। वह दोनों श्यामपाल की बात को झूठा बताने लगे। जिसके चलते उनके बीच नोकझोंक होने लगी। राहुल लोधी का आरोप है कि दारोगा के कहने पर सिपाही ने उनकी साथ मारपीट की और हवालात में बंद कर दिया। सूचना मिलने पर भाजपा के कार्यकर्ताओं की भीड़ लग गई। अधिवक्ता कुलदीप सिंह भी आ गए। जिनके नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए। 

दारोगा और सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। पुलिस ने अजय पाल के खिलाफ घटतौली की रिपोर्ट दर्ज की। अजयपाल की पैरवी करने वाले गांव रिजौला के प्रधान यादवेंद्र शाक्य समेत तीन लोगों के खिलाफ मारपीट, जान से मारने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है। सूचना मिलने पर सीओ उझानी शक्ति सिंह थाने पहुंचे। 

उन्होंने राहुल, राजाराम, श्यामपाल, ब्रजेश के बयान दर्ज किए। लोगों को समझाकर शांत कराया। राहुल लोधी को साथ लेकर चले गए। सोमवार को वह लोग एसएसपी कार्यालय पहुंचे और दारोगा व सिपाही की शिकायत की। एसएसपी आलोक प्रियदर्शी ने सीओ उझानी शक्ति सिंह को जांच दी है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उसहैत इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त होने पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।

ये भी पढे़ं- बदायूं: सवारियां बैठाने को लेकर विवाद, रास्ते में घेरकर चालक को पीटा...बस में फेंके पत्थर

 

संबंधित समाचार