Chitrakoot: क्यों भड़के रामायण मेला परिसर गेट पर बैठे विपक्षी नेता, एसपी और एडीएम ने समझाया, कहा-सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी की जाएगी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चित्रकूट में बनाया गया है स्ट्रांग रूम, परिसर में निजी वाहन के प्रवेश पर हंगामा

चित्रकूट, अमृत विचार। राष्ट्रीय रामायण मेला परिसर में मंगलवार को एक निजी वाहन के खड़े होने पर हड़कंप मच गया। विपक्षी दलों के नेताओं ने किसी अनियमितता की आशंका जताते हुए हंगामा कर दिया। इस पर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह और अपर जिलाधिकारी उमेश चंद्र मौके पर पहुंच गए। उन्होंने नेताओं से बात की और उनको आश्वस्त किया कि इस तरह की लापरवाही अब नहीं होने दी जाएगी। मामले की जांच कराई जा रही है। 

गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव की मतगणना राष्ट्रीय रामायण मेला भवन में होगी। ईवीएम का स्ट्रांग रूम भी यहीं बनाया गया है। मंगलवार को अपराह्न लगभग तीन बजे एक निजी वाहन परिसर में प्रवेश कर गया तो रामायण मेला गेट पर मुस्तैद बैठे विभिन्न विपक्षी राजनीतिक दलों के नेताओं ने बवाल कर दिया। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष शिवशंकर यादव, पूर्व विधायक वीर सिंह पटेल, बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष शिवबाबू एडवोकेट आदि ने अनियमितता की आशंका जताई।

सपा जिलाध्यक्ष ने बताया कि उन्होंने इसकी सूचना जिलाधिकारी को फोन पर दी। इस पर डीएम ने उनको भरोसा दिया कि वह मौके पर अधिकारियों को भेज रहे हैं। कुछ ही देर में पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी उमेश चंद्र निगम व अन्य अधिकारी और पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया।

एसपी और एडीएम ने नेताओं से बात की और आश्वस्त किया कि पूरे मामले की जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कर्मचारी पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने विपक्षीदलों के नेताओं को बताया कि अंदर किसी का वाहन नहीं जा सकता, चाहे उनका वाहन ही क्यों न हो। इस पर बसपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि जब आपका वाहन नहीं जा सकता तो दूसरों के वाहन के जाने का तो सवाल ही नहीं उठना चाहिए।

व्यवस्था बनाने में हम सब आपके साथ हैं। इसके बाद अधिकारियों ने अपनी निगरानी में परिसर के बाहर बैरीकेडिंग कराई और वहां तैनात पुलिसकर्मियों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी हालत में वाहनों को अंदर प्रवेश न दिया जाए।

शराब के नशे में था कर्मचारी

सपा जिलाध्यक्ष शिवशंकर यादव ने बताया कि वाहन के अंदर एक युवक बैठा था। यह नशे में था और जेब में शराब की बोतल भी थी। उन्होंने बताया कि निजी वाहन में मजिस्ट्रेट भी लिखा था। बताया कि युवक को अधिकारी अपने साथ ले गए और आश्वस्त किया कि जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। युवक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी बताया जाता है। 

अखिलेश को दी जानकारी

सपा जिलाध्यक्ष ने बताया कि उन्होंने मामले की जानकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को दी। इस पर उन्होंने यह सुनिश्चित कराने को कहा कि गेट पर लॉग बुक की व्यवस्था कराई जाए। इस पर उन्होंने एसडीएम से बात की है। बताया कि अखिलेश ने कहा है कि इसकी जानकारी चुनाव आयोग को देंगे। शिवशंकर ने दावा किया कि उनके प्रत्याशी की मजबूत स्थिति है और ऐसे में आशंका तो पैदा होती ही हैं। 

गाइडलाइन का उल्लंघन- शिवबाबू

बसपा जिलाध्यक्ष शिवबाबू वर्मा एडवोकेट ने कहा कि यह चुनाव आयोग की गाइडलाइन है कि जहां ईवीएम रखी हों, उस भवन के परिसर में कोई वाहन प्रवेश नहीं करेगा। इसके बाद भी नीली बत्ती लगा निजी वाहन यहां प्रवेश कर गया, जो आशंकाओं को जन्म देता है। इसके अंदर बैठा कर्मचारी शराब पिए था, यह भी घोर आपत्तिजनक है। ऐसे में किसी भी तरह की अनियमितता की आशंका मन में आना स्वाभाविक है। बताया कि वे लोग चौबीस घंटे बाहर बैठकर निगरानी कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें- Etawah Crime: वृद्धा की मारपीट के बाद की थी हत्या...पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

संबंधित समाचार