Bareilly News: डग्गामार बसों पर कार्रवाई के लिए टीमें गठित, मानक पूरे नहीं करने पर वाहनों को किया जाएगा सीज
demo image
बरेली, अमृत विचार। फतेहगंज पश्चिमी में सवारियों से भरी निजी बस फ्लाईओवर से गिरने के मामले की जांच शुरू हो गई है। आरटीओ की जांच में बस का परमिट और फिटनेस ठीक मिली है। बस में सवारी बैठाने का परमिट था या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।
फतेहगंज पश्चिमी में बल्लिया गांव के पास रविवार की रात बरेली से दिल्ली की बीच चलने वाली निजी बस सवारी लेकर आ रही थी। चालक को नींद की झपकी आने से बस फ्लाईओवर से नीचे गिर गई। हादसे में एक यात्री की मौत के साथ ही 18 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए थे। डीएम और एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर हादसे की जांच के निर्देश दिए थे। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इसके अलावा आरटीओ प्रवर्तन दिनेश कुमार सिंह भी हादसे की जांच के लिए टीम के साथ मौके पर पहुंचे। आरटीओ ने बताया कि शुरुआती जांच में बस का परमिट और फिटनेस ठीक पाई गई है। अब यह जांच की जा रही है कि बस संचालक के पास यात्रियों को ले जाने का परमिट था या नहीं।
इसके अलावा जिले से अन्य राज्यों में यात्री ले जाने वाली डग्गामार बसों पर कार्रवाई करने के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है। टीमें अभियान चलाकर कार्रवाई करेंगी। मानक पूरे नहीं करने पर वाहनों को सीज किया जाएगा।
ये भी पढ़ें- बरेली: पेड़ से टकराया बेकाबू ट्रक, हेल्पर की जलकर मौत
