बाराबंकी: लोड गाड़ी की चपेट में आये मजदूर की मौत, पुलिस की मौजूदगी में हुआ शव का अंतिम संस्कार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हैदरगढ़/ बाराबंकी, अमृत विचार। पोखरा स्थित बलरामपुर चीनी मिल समूह की हैदरगढ़ इकाई में मंगलवार को बगास के भंडार में सो रहे एक मजदूर की लोड गाड़ी की चपेट में आकर मौत हो गई। मजदूर की मौत की खबर सुनकर चीनी मिल आए परिजनों को अधिकारियों द्वारा सुलह समझौते के लिए अंदर ही रोक लिया गया। जिससे आक्रोशित मृतक के रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने चीनी मिल गेट पर हंगामा शुरू कर दिया। धरना प्रदर्शन की सूचना पाकर बड़ी संख्या में कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंचा। वही पोस्टमार्टम के बाद जनपद मुख्यालय से आए शव को हंगामा की आशंका के चलते पुलिस द्वारा चीनी मिल गेट पर नहीं लाया गया और शव का भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच गांव पहुंचाकर पुलिस ने अपनी मौजूदगी में ही अंतिम संस्कार करा दिया।

जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के मर्दापुर गांव निवासी देवी प्रसाद पुत्र शिवनारायण हैदरगढ़ चीनी मिल में गाना पेराई से निकलने वाली बगास की लोडिंग और अनलोडिंग का काम करता था। बताते हैं कि सुबह 4 बजे ड्यूटी समाप्त होने के बाद देवी प्रसाद वहीं बगास के भंडार में सो गया। इसके बाद ड्यूटी पर आए दूसरे चालक द्वारा लोडिंग वाहन बैक करते समय पहिया देवी प्रसाद के चेहरे पर चढ़ गया। उसे बेहद गंभीर हालत में सीएचसी हैदरगढ़ ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही मृतक की गर्भवती पत्नी, मां और भाई संतराम आदि चीनी मिल पहुंच गए। जहां पर समझौते के नाम पर उनको अंदर ही रोक लिया गया। यही नहीं भारी पुलिस व्यवस्था के बीच शव को पोस्टमार्टम के लिए भी भेज दिया गया। जिला मुख्यालय से शव के वापस आने के बाद परिजनों को चीनी मिल से बाहर निकाल कर शव के साथ गांव पहुंचा दिया गया। जहां पर बड़ी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी में मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

24 - 2024-05-21T200358.215

परिजन सतीश ने बताया कि मृतक के तीन नाबालिग पुत्र हैं। साथ ही पत्नी गर्भवती भी है। औसे में बच्चों की परवरिश के लिए परिजनों को चीनी मिल व वाहन मालिक द्वारा ढाई लाख रुपए की नकद आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा कृषक दुर्घटना बीमा योजना की धनराशि दिलाने का आश्वासन चीनी मिल अधिकारियों द्वारा दिया गया है। वहीं भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद होने के कारण परिजनों का और कोई पक्ष जानकारी में नहीं आया है। इस संबंध में जब कोतवाली प्रभारी अजय प्रकाश त्रिपाठी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि इस समय वह गांव में मौजूद हैं। मामले की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें -बहराइच में ग्रामीणों का रेंजर पर बड़ा आरोप-परेशान कर करते हैं अवैध वसूली, डीएम से की शिकायत

संबंधित समाचार