Auraiya: दुर्व्यवहार से आहत विद्युत कर्मियों ने किया हंगामा, अधिशाषी अभियंता की कार्यशैली से जताई नाराजगी
औरैया, अमृत विचार। मंगलवार देर शाम असेनी दिबियापुर स्थित विद्युत वितरण खण्ड कार्यालय पर विद्युत कर्मियों ने अधिशाषी अभियंता के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। दिबियापुर डिवीजन के लाइन मैन एवं मीटर रीडर आदि विभागीय कर्मियों ने इस दौरान अधिशाषी अभियंता पर आरोप लगाया कि वह अधीनस्थों के साथ बुरा बर्ताव करती हैं।
मौके पर मौजूद कई कर्मियों का कहना है कि गाली गलौज के साथ बात करना एक्सईएन के लिये आम बात है। देर शाम से जुटे सैकड़ों कर्मी समाचार लिखे जाने तक कार्यालय के मुख्य द्वार पर नारेबाजी करते रहे। जबकि अधिशाषी अभियंता गेट में ताला लगवाकर कार्यालय में बैठी रहीं।
मंगलवार को अधिशाषी अभियंता से खफा बेला,अछल्दा, केशमपुर,लहरापुर, बिधूना, रूपपुर सहार आदि फीडरों के जेई एसडीओ के अलावा लाइनमैन एवं मीटर रीडर आदि कर्मी मौजूद थे जिनकी मांग थी कि अधिशाषी अभियंता नेहा सिंह का जल्द स्थानान्तरण किया जाए।
एक्सईएन का विवादों से रहता है नाता
अधिशाषी अभियंता विद्युत नेहा सिंह का अक्सर विवादों से नाता बना रहता है। चाहे किसी उपभोक्ता से वार्ता दौरान बहस हो या फिर विभागीय कर्मी के साथ समीक्षा के समय अभद्रतापूर्ण व्यवहार यह उनके लिए आम बात हो गई है।
बीते कुछ माह पहले फफूंद रोड स्थित वैदिकी ग्राफिक्स से स्टेशनरी छपाई के बकाया भुगतान को लेकर पीड़ित व्यापारी सुधीर दुबे को अधिशाषी अभियंता कार्यालय पर धरना देने को मजबूर होना पड़ा था। दो दिन आमरण अनशन के बाद जब पीड़ित को भुगतान हुआ तब अनशन खत्म हुआ था। वहीं विभागीय ठेकदारों ने भी दबी जुबान अधिशाषी अभियंता की कार्यशैली पर रोष जताते हुए कहा कि इनके रहते भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिला है।
