गोंडा: छत के रास्ते घर में घुसे चोरों ने उड़ाए 10 हजार की नकदी समेत लाखों के जेवर, जांच में जुटी पुलिस-फॉरेंसिक टीम
नवाबगंज थाना क्षेत्र के कनकपुर के पंडित पुरवा गांव में हुई वारदात
अमृत विचार, नवाबगंज, गोंडा। नवाबगंज थाना क्षेत्र के कनकपुर के मजरे गांव पंडित पुरवा में मंगलवार की रात अज्ञात चोरों ने एक घर में घुसकर 10 हजार की नकदी समेत लाखों रुपये के जेवर उड़ा लिए और फरार हो गए। सुबह घर के लोग सो कर उठे तो कमरों में सामान बिखरा पड़ा देख होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटना की जांच पड़ताल की है। पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के कनकपुर के मजरे गांव पंडित पुरवा रविकांत त्रिपाठी पेशे से कांट्रेक्टर है। वह परिवार समेत अयोध्या में रहते हैं। गांव में उनके भाई विजय त्रिपाठी व नंद किशोर त्रिपाठी परिवार समेत रहते हैं। मंगलवार की रात त्रिपाठी परिवार के लोग छत पर सो रहे थे। आधी रात के बाद अज्ञात चोर दीवार पर बांस बल्ली लगाकर उनके छत पर चढ़ गए और फिर नीचे कमरे में उतर गए। बेखौफ चोरों ने इत्मीनान से पूरे घर को खंगाला तौर तीन कमरों में रखी आल मारी, बक्सा व सूट केस का ताला तोड़कर नकदी, जेवर व अन्य सामान उठा ले गए। सुबह जब परिवार की महिलाएं जगी तो घर के कमरों में सामान बिखरा पड़ा देख उनके होश उड़ गए।
.jpg)
चोरी की वारदात की सूचना पर बड़ी संख्या में गांव के लोग भी मौके पर जुट गए। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गयी। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। चोरों का सुराग लगाने के लिए फारेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। फारेंसिक टीम ने घटनास्थल से वारदात से संबंधित साक्ष्य जुटाए हैं। पीडित विजय त्रिपाठी ने बताया कि 10 हजार की नकदी समेत 2 सोने का हार, 2 सोने का झाला,1 सोने का टॉप्स,1 मांग टीका,1 नाक की नथिया, 3 सोने की चैन, 2 सोने की अंगूठी, 2 चांदी की करधन, 2 चांदी का पायल, 4 सेट बिछिया,6 सेट हाथ का कड़ा, एक सोने का मंगल सूत्र समेत लाखों रुपये के जेवर ले जाने में कामयाब रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गयी है। जल्द ही वारदात का खुलासा किया जायेगा।
रात में कथा सुनकर लौटा था परिवार
.jpg)
नवाबगंज: विजय त्रिपाठी का कहना है कि कटरा नवाबगंज मार्ग पर सड़क के किनारे कोटिया गांव में राम अवतार यादव के यहां कथा का आयोजन किया गया है। मंगलवार को दोनों भाई परिवार समेत कथा सुनने गए थे। रात करीब एक बजे सभी वापस लौटे थे और घर के छत पर सो गए थे। इसी बीच चोरों ने वारदात को अंजाम दे दिया।
ये भी पढ़ें:- हरदोई: खेत पर सो रहे युवक का ईंट से सिर कुचला.. फिर गला काट कर की हत्या
