Auraiya News: फसल की रखवाली कर रहे किसान के ऊपर धारदार हथियार से हमला, FIR दर्ज
औरैया में फसल की रखवाली कर रहे किसान के ऊपर धारदार हथियार से हमला कर दिया
औरैया, अमृत विचार। मंगलवार देर रात को सहायल थानाक्षेत्र के गांव पुर्वा भिखनी में खेत में सब्जी की फसल की रखवाली कर रहे किसान के ऊपर युवक ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में किसान राम आसरे बाथम बुरी तरह घायल हो गया।
किसान के चीख-पुकार की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों को आता देख हमलावर मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने घायल किसान को अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने गंभीर अवस्था मे कानपुर हैलट रेफर कर दिया।
सहायल थानाक्षेत्र के गांव पुर्वा भिखनी निवासी किसान राम आसरे बाथम गांव के बाहर लिए बटाई के खेत मे सब्जी की फसल लगाई थी जिसकी वह रखवाली कर रहे थे। वहीं किसान के बेटे मनोज कुमार ने बताया कि बीते सोमवार को आरोपी युवक सोनू पुत्र तुलसी राम यादव निवासी बरियारेमऊ की भैंसे उनके सब्जी की फसल मे चली गई थी।
जब उनके पिता राम आसरे ने इसका विरोध किया तो युवक उनके पिता को देख लेने की धमकी देकर वहां से चला गया। आरोपी युवक ने मंगलवार रात को खेत पर अकेले सब्जी की रखवाली कर रहे उनके पिता के ऊपर धारदार हथियार से हमला कर दिया जिससे उनके पिता को गंभीर चोटें आई है।
घटना के चार घंटे बाद मौके पर पहुंची पुलिस जांच मे जुट गई। घायल किसान के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ संगीन धाराओं मे मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष अमर बहादुर सिंह ने बताया कि राम आसरे के बेटे मनोज की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
