Banda: मकान में लगी आग, बुझाते समय पड़ोसी महिला के ऊपर गिरी कच्ची दीवार, दबकर मौत
बांदा, अमृत विचार। बबेरू कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में मकान पर अचानक आग लग गई। पड़ोसियों ने देखा तो आग बुझाने का प्रयास किया। आग बुझाते समय कच्ची दीवाल भीग जाने के कारण गिर गई, जिसके नीचे दबकर एक महिला की मौत हो गई है।
बबेरू कोतवाली क्षेत्र के पवैया गांव निवासी रामफल पुत्र सुमेरा के मकान में आज दोपहर अचानक आग लग गई। जिसमें गांव में पड़ोसियों के द्वारा बाल्टी और हैंड पंप के सहारे आग को बुझाया जा रहा था। पड़ोसी महिला फूल कुमारी पत्नी स्वर्गीय गरीबदास (58) भी आग बुझाने में सहयोग कर रही थी।
तभी कच्ची दीवार में सीधा आ जाने से रामफल की कच्ची दीवार गिर गई। जिसमें दीवार के नीचे फूल कुमारी दब गई। ग्रामीणों ने देखा तो दीवार के मलबे से फूल कुमारी को बाहर निकालकर निजी साधन से बबेरू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लेकर पहुंचे जहां पर डॉक्टरों द्वारा देखते ही परीक्षण करने के बाद मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
