रामपुर : पहाड़ों पर हुई बारिश से लुढ़का पारा, लोगों को गर्मी से राहत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

एक सप्ताह बाद 40 डिग्री सेंटीग्रेड से नीचे आया पारा , आर्द्रता बढ़ने से लोगों को हुआ उमस का अहसास 

रामपुर, अमृत विचार। पहाड़ों पर हुई बारिश से पारा लुढ़क गया जिसके चलते लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है। करीब एक सप्ताह बाद 40 डिग्री सेंटीग्रेड से पारा नीचे आया है। हालांकि,आर्द्रता 44 प्रतिशत होने से लोगों को उमस का अहसास हुआ। 

शिद्दत की गर्मी से गुरुवार को लोगों को कुछ राहत मिली है। पहाड़ों पर हुई बारिश ने रामपुर के लोगों को राहत दी है। अधिकतम तापमान लुढ़क कर 34 डिग्री सेंटीग्रेड तक पहुंच गया। जबकि, न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके बावजूद पूरे दिन आसमान से सूरज तपिश बरसाता रहा, सुबह 10 बजे से सूरज की तपिश से लोग बेचैन रहे,  गर्म हवा चलना शुरू हो गईं।

मौसम वैज्ञानिक अभी और गर्मी बढ़ने के आसार जता रहे हैं। मौसम वैज्ञानिकों की माने तो अगले पांच दिन मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। दिनों-दिन गर्मी बढ़ती जा रही है और पूरा दिन सूर्य देव आग बरसा रहे हैं। पिछले चार-पांच दिनों से सड़क पर निकलने पर गर्म हवा के थपेड़े मुहं पर पड़ रहे हैं।  

बेलवाली फसलों में बनाए रखें न्यूनतम नमी
जिला कृषि अधिकारी नरेंद्र पाल ने बताया कि इस मौसम में बेलवाली फसलों में न्यूनतम नमी बनाएं रखें। अन्यथा मृदा में कम नमी होने से परागण पर असर हो सकता है जिससे फसल उत्पादन में कमी आ सकती है। नींबू, आम, किन्नू प्रजाति और केले में वृक्षों की सिंचाई करते रहें और वृक्षों का लू से बचाव के लिए अवरोधकों का उपयोग करें।   

हाल-ए-मौसम 

  • अधिकतम तापमान- 34 डिग्री सेल्सियस
  • न्यूनतम तापमान- 29 डिग्री सेल्सियस
  • आर्द्रता- 44 प्रतिशत
  • वायु वेग- 21 किमी. प्रति घंटा

25 मई तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने और लू चलने का अनुमान है।  दिन का तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस जबकि,रात्रि का तापमान 30 डिग्री रहने की संभावना है। संभावित तेज गर्मी व लू की दशा में गन्ना, मक्का, सब्जी और अन्य खड़ी फसल में सिंचाई कर उचित नमी बनाए रखें। -डा. उदय प्रताप शाही, मौसम वैज्ञानिक, कृषि विश्वविद्यालय मेरठ

ये भी पढ़ें : रामपुर: धार्मिक स्थल पर कब्जा लेने को पहुंचे हथियारबंद लोग, दोनों पक्ष आए आमने-सामने...भारी संख्या में पुलिस बल तैनात

संबंधित समाचार