मुरादाबाद: अपहृत मार्बल ठेकेदार की हत्या कर शव गढ़ में फेंका
मुरादाबाद,अमृत विचार। सिविल लाइंस क्षेत्र से अपहृत मार्बल ठेकेदार की हत्या कर शव हापुड़ जिले के गढ़ क्षेत्र में फेंक दिया गया। एक मार्बल व्यापारी ने कारोबार की रंजिश के कारण अपने चालक व नौकर के साथ मिलकर ठेकेदार की हत्या कर शव फेंक दिया था। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की …
मुरादाबाद,अमृत विचार। सिविल लाइंस क्षेत्र से अपहृत मार्बल ठेकेदार की हत्या कर शव हापुड़ जिले के गढ़ क्षेत्र में फेंक दिया गया। एक मार्बल व्यापारी ने कारोबार की रंजिश के कारण अपने चालक व नौकर के साथ मिलकर ठेकेदार की हत्या कर शव फेंक दिया था। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने घटना कबूल ली। जानकारी करने पर मालूम हुआ कि शव हापुड़ स्थित मोर्चरी में रखा है। जिस पर वहां पहुंचे परिजनों ने शिनाख्त पुख्ता कर दी।
अपहरण का यह मामला सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के रामगंगा विहार कालोनी से जुड़ा हुआ है। मूलत: राजस्थान के करौली जनपद निवासी लाखन सिंह मार्बल ठेकेदार थे। वह यहां पर अपने भाई के साथ किराए के मकान में रहते थे। यहां पर कई कारोबारियों को वह मार्बल की सप्लाई करते थे। 15 अक्टूबर की शाम वह अचानक गायब हो गए थे। देर शाम तक घर नहीं लौटे तो भाई को चिंता हुई। फोन बंद आया तो उसने लाखन सिंह की तलाश शुरू कर दी। देर रात तक तलाश करने के बाद भी जब सुराग नहीं लगा तो भाई ने सिविल लाइंस कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज करा दी थी।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस जांच में जुटी तो कांठ रोड स्थित एक मार्बल विक्रेता शक के दायरे में आया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म भी कबूल लिया। सूत्रों के अनुसार कारोबारी की ठेकेदार से भाव को लेकर विवाद हो गया था। जिस पर ठेकेदार ने बाजार भाव खराब करने की धमकी दी थी। इसके बाद कारोबारी ने भाव संबंधी बात करने के लिए ठेकेदार लाखन सिंह को मिड टाउन क्लब के पास बुलाया।
सूत्रों के अनुसार कार में ठेकेदार को बैठाकर कांठ रोड में काजीपुरा स्थित एक मार्बल के गोदाम में ले गए। वहीं पर उसकी हत्या कर दी, बाद में शव कार में रखकर गढ़ क्षेत्र में फेंक आए। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने इस मामले में मार्बल कारोबारी, उसके चालक व एक नौकर को हिरासत में ले लिया है। इस खुलासे के बाद सिविल लाइंस पुलिस ने गढ़ पुलिस से संपर्क किया तो मालूम हुआ कि दो दिन पहले एक अज्ञात में शव मिला था, जो हापुड़ स्थित मोर्चरी में रखा है। जिस पर वहां पहुंचे परिजनों ने शिनाख्त कर ली। इसके बाद परिजन शव लेकर सीधे राजस्थान चले गए। इस मामले में कोतवाल नवल मारवाह ने बताया कि साक्ष्य की तलाश में आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
