मुरादाबाद: महिला की हत्या के मामले में पति समेत चार पर मुकदमा
मुरादाबाद,अमृत विचार। करीब एक माह पहले लापता हुई महिला का शव रामनगर में मिलने के बाद सिविल लाइंस पुलिस ने भी कार्रवाई की है। मायके वालों की तहरीर पर पति समेत चार के खिलाफ महिला की हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं आरोपी पति पर महिला के बहन के साथ भी बलात्कार …
मुरादाबाद,अमृत विचार। करीब एक माह पहले लापता हुई महिला का शव रामनगर में मिलने के बाद सिविल लाइंस पुलिस ने भी कार्रवाई की है। मायके वालों की तहरीर पर पति समेत चार के खिलाफ महिला की हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं आरोपी पति पर महिला के बहन के साथ भी बलात्कार करने का आरोप लगा है।
कुछ दिनों पहले मझोला थाना क्षेत्र के भोला सिंह की मिलक निवासी नन्हें ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र दिया था। उसका कहना था कि करीब 14 साल पहले उसने अपनी बेटी अफरोज का निकाह मैनाठेर के ग्राम मिलक मैनाठेर निवासी अकरम के साथ किया था। बाद में अकरम सिविल लाइंस में आकर रहने लगा। यहां पर उसने आजादनगर में एक मकान बनवाया, जिसे अफरोज के नाम कर दिया। कुछ दिनों पहले जरूरत पड़ने पर अकरम मकान बेचने की बात करने लगा।
नन्हें के अनुसार इसकी जानकारी जब अफरोज को हुई तो उसने मकान बेचने का विरोध करना शुरू कर दिया। आरोप है कि जिस कारण अक्सर अकरम उसके साथ मारपीट करता। आरोप है कि 18 सितंबर को अकरम उपचार के लिए अफरोज को रामनगर में रहने वाले अपने ममेरे भाई के घर ले गया। 21 सितंबर को नन्हें से जब अकरम मिला तो उसने अफरोज के रामनगर में होने की बात कही। नन्हें का आरोप है कि बाद में अफरोज का शव रामनगर में लावारिस हालत में मिला।
वहां की पुलिस ने शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया। नन्हें ने पति अकरम पर योजनाबद्ध तरीके से अफरोज की हत्या करने का आरोप लगाया। साथ ही अकरम पर नन्हें ने छोटी बेटी के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। एसएसपी के आदेश पर सिविल लाइंस कोतवाली में पति अकरम, ससुर अख्तर, ममेरे भाई इरफान और उसकी पत्नी जुमिया के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। कोतवाल नवल मारवाह के अनुसार रामनगर में ही अफरोज की हत्या की गई थी। लिहाजा जांच के लिए एक टीम को भेजा जा रहा है।
