बोधगया में भगवान बुद्ध के 2568वीं जयंती पर निकाली गई भव्य शोभायात्रा, देश-विदेश के हजारों श्रद्धालु हुए शामिल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गया: भगवान बुद्ध की ज्ञान भूमि बोधगया में भगवान बुद्ध के 2568वीं जयंती पर भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। बोधगया में पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र 80 फीट विशाल बुद्ध मूर्ति के समीप से निकली यह शोभायात्रा विभिन्न सड़क मार्ग से होते हुए विश्व धरोहर महाबोधि मंदिर तक पहुंची।

शोभायात्रा में देश-विदेश के हजारों श्रद्धालु शामिल हुए, जो ‘बुद्धम शरणम गच्छामि’ का जयघोष करते हुए चल रहे थे। कई श्रद्धालुओं ने हाथों में पंचशील ध्वज ले रखा था। इस शोभायात्रा को देखने के लिए सड़क के दोनों और लोगों की भीड़ लग गई। शोभायात्रा में शामिल बौद्ध भिक्षु भंते आर्यपाल ने बताया कि आज भगवान बुद्ध की 2568वीं जयंती मनाई जा रही है।

इसे त्रिविद्ध जयंती के रूप में मनाते हैं, क्योंकि आज वैशाख पूर्णिमा के दिन ही भगवान बुद्ध का जन्म हुआ था, आज ही के दिन उन्हें बोधगया में ज्ञान की प्राप्ति हुई थी और आज ही के दिन उनका महापरिनिर्वाण हुआ था। किसी भी व्यक्ति के साथ इस तरह की तीनों घटनाएं एक दिन नहीं होती।

इसलिए आज हमलोग त्रिविध जयंती मना रहे हैं। साथ ही भगवान बुद्ध से प्रार्थना कर रहे हैं कि पूरी दुनिया में विश्व शांति हो और मानवता का कल्याण हो। शोभा यात्रा में श्रीलंका, थाईलैंड, कंबोडिया, तिब्बत, म्यांमार, वियतनाम, भूटान सहित कई देशों के श्रद्धालु शामिल हुए हैं।

ये भी पढ़ें- आरक्षण के मुद्दे पर भाजपा ने राहुल, ममता को घेरा, ‘इंडिया’ गठबंधन पर तुष्टीकरण का लगाया आरोप

संबंधित समाचार