सीतापुर में पत्नी की कुदाल से हत्या कर पति ने थाने में किया सरेंडर 

अवैध सम्बन्ध के शक में हत्या की आशंका, पुलिस बोली आपसी कलह बनी मौत की वजह

सीतापुर में पत्नी की कुदाल से हत्या कर पति ने थाने में किया सरेंडर 

महमूदाबाद/सीतापुर,अमृत विचार। कोतवाली इलाके में आपसी विवाद के बाद पति ने पत्नी की कुदाल से प्रहार कर मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद आरोपी पति खून से सने कपड़ों के साथ कोतवाली पहुंचकर गुनाह कबूल करते हुए पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपी पति के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। 
                                          
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के ग्राम रुदाईन निवासी गरीबे लाल (40) का विवाह रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के गोंदहा गांव निवासी हीना देवी (35) से लगभग 18 वर्ष पूर्व हुआ था। मृतक हीना देवी के पांच बच्चे हैं। बताते हैं कि बीते कुछ माह पूर्व पत्नी हीना सकरन थाना क्षेत्र के सांडा अपने नंदोई सियाराम के घर गई थी। कुछ माह वहां रुकने के बाद वह करीब एक हफ्ता पहले ही अपनी ससुराल रुदायन आई थी। घर में आये पति-पत्नी के बीच विवाद लगातार विवाद भी होता रहता था। गुरुवार की सुबह किसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हुई, विवाद इस कदर बढ़ा कि गुस्साए पति ने पत्नी के सर पर कुदाल से ताबड़तोड़ प्रहार कर दिया। कुदाल के हमले से सिर में गंभीर चोटें आने से वह बेहोश होकर गिर गई। 

वारदात के बाद पति पत्नी को मरा हुआ समझकर खून की छीटों से सने कपड़ों के साथ कोतवाली पहुंचा और पुलिस को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। पुलिस आरोपी पति को हिरासत में लेकर घटनास्थल पहुंची। घायल अवस्था में पड़ी महिला को इलाज के लिए एम्बुलेंस से सीएचसी महमूदाबाद भिजवाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए महिला को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने घटनास्थल से आलाकत्ल को बरामद करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि वारदात के समय घर में मौजूद दो बच्चे सो रहे थे। 

सीओ दिनेश शुक्ला ने बताया कि पत्नी की हत्या के आरोप में आरोपी पति पुलिस की हिरासत में है। मौके पर आला कत्ल भी बरामद कर लिया गया है। मृतका के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेजने की कार्यवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें -गोंडा: प्रवर्तन दल की छापेमारी में अवैध रूप से संचालित ‌मिली 2 आरा मशीनें सीज, सागौन की लकड़ी बरामद