गोंडा: टिकरी जंगल में दुपट्टे से लटकता मिला युवती का शव, हत्या की आशंका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज छानबीन में जुटी पुलिस

मनकापुर/गोंडा, अमृत विचार। मनकापुर कोतवाली क्षेत्र के टिकरी जंगल में शुक्रवार को एक युवती का शव सागौन के पेड़ से दुपट्टे के सहारे लटकता पाया गया। वन कर्मी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। युवती के हाथ पर खुशबू लिखा हुआ है लेकिन वह कहां की रहने वाली है इसका पता नहीं चल सका है‌। युवती की हत्या कर शव जंगल में लटकाए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाग स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल मृतका की पहचान का प्रयास किया जा रहा है‌। 

टिकरी वन रेंज के वन रक्षक योगेश मिश्र के मुताबिक शुक्रवार को रुदापुर माता मंदिर के बगल बुटहनी गांव जाने वाले रास्ते पर गस्त के लिए जा रहे थे कि सड़क से कुछ दूरी पर दुर्गंध आती महसूस हुई। उन्होने जंगल के भीतर जाकर देखा तो एक युवती की लाश पेड़ पर दुपट्टे को सहारे लटक रही थी। देखने से शव 2 से 3 दिन पुराना लग रहा था। उन्होने तत्काल इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। वनकर्मी के सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा। देखने में युवती की उम्र करीब 25 वर्ष के आसपास लग रही थी। उसके एक हाथ पर खुशबू लिखा हुआ था। 

पुलिस ने आस पास मौजूद लोगों से युवती की पहचान कराने का प्रयास किया लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। आशंका है कि युवती की हत्या कर उसका शव जंगल के बीच लाकर लटकाया गया है। फिलहाल इसको लेकर तरह तरह की चर्चा हो रही है‌। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि वन विभाग के सूचना पर मौके से पेड़ से लटक रहे करीब 25 वर्षीय युवती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

मृतका के हाथ पर खुशबू लिखा हुआ है। मृतका के हाथ में कलावा व पैरों में पायल पहने हुए थी। हालांकि उसकी पहचान नहीं हो सकी है। आसपास के थानों में भी सूचना भेजी गयी है  पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के उपरांत स्पष्ट हो पायेगा की कैसे मौत हुई है। शव की पहचान करने के साथ पुलिस प्रत्येक पहलू पर जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें:-श्रावस्ती: मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो रही पोलिंग पार्टियां, 844 बूथों पर पडेंगे वोट

संबंधित समाचार