Kanpur: मौरंग में फिसला बाइक सवार दंपति, पीछे से आ रहे डंपर ने महिला को कुचला, मौत, परिजनों में कोहराम
कानपुर, अमृत विचार। पनकी थानाक्षेत्र में अवैध ढंग से संचालित हो रही मौरंग मंडी ने एक महिला की जान ले ली। महिला दो दिन बाद अपनी पति के साथ घर लौट रही थी। सड़क पर मौरंग फैली होने का कारण बाइक स्लिप हो गई, जिससे पीछे आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने महिला को कुचल दिया। जिससे महिला की मौके पर मौत हो गई।
आरोप है, कि हादसे के बाद एक घंटे तक वह पत्नी को गोद में लेकर बैठे रहे न तो एंबुलेंस आई और न ही किसी भी व्यक्ति ने उनकी मदद की। आरोप है, कि लोग रुक-रुककर वीडियो बनाकर आगे बढ़ते जा रहे थे।मामला जब सोशल मीडिया पर पहुंचा तो पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
पनकी रतनपुर के रहने वाले कारपेंटर राजकुमार शर्मा ने पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी 50 वर्षीय शांति शर्मा के साथ दो दिन पहले कानपुर देहात के पुखरायां कैलई गांव गए थे। वहां से शुक्रवार सुबह करीब 8.30 पर बाइक से लौट रहे थे। बताया कि अभी वह दोनों बाइक से भौंती पुल के पास मौरंग मंडी पहुंचे ही थे, कि सड़क पर फैली मौरंग में बाइक फिसल गई। जिससे हाईवे पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने पत्नी शांति देवी को कुचल दिया।
हादसे में पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। राजकुमार का कहना था कि घटना के बाद बच्चे जया देवी, कौशल व किशोर का रो-रोकर बुरा हाल है। इस संबंध में पनकी थाना प्रभारी मानवेंद्र सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज से वाहन के बारे में पता लगाया जा रहा है।
बनाते रहे वीडियो तमाशा देखते रहे लोग नहीं की मदद
हादसे में पत्नी शांति देवी की जान गंवाने वाले राजकुमार का साफ कहना था कि वह पत्नी को गोद मे लिए बैठे रहे। लेकिन किसी ने भी उनकी मदद नहीं की। उन्होंने फोन कर एंबुलेंस बुलाया। लेकिन उसने शव ले जाने से साफ इंकार कर दिया और चला गया। आरोप है, कि लोग रुक-रुक कर वहां खड़े होकर वीडियो बनाते रहे और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करते रहे। उनका कहना था कि किसी एक व्यक्ति ने भी उनकी मदद नहीं की।
दो वर्षों में 40 से ज्यादा हादसे, दो दर्जन मौत
पनकी क्षेत्र के लोगों ने बताया कि पिछले दो वर्षौं में पनकी भौंती लेन पर 40 से ज्यादा हादसे हुए हैं, जिसमें लगभग दो दर्जन से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं। कुछ हादसों का कारण अवैध मौरंग मंडी है, लेकिन प्रशासन और पुलिस को यह नजर नहीं आता है। लोगों का आरोप है, कि पुलिस हाईवे से निकलने वाले वाहनों पर नजर रखती है। इसके अलावा पूरे क्षेत्र में अतिक्रमण और मौरंग मंडी फैली है।
