बदायूं: इस गांव में बैंडबाजे के साथ निकली गाय की अंतिम यात्रा, देखकर दंग रह गया इलाका 

गाय की मौत पर फूटकर रोईं माया देवी, बैंडबाजे के साथ कराया अंतिम संस्कार 

बदायूं: इस गांव में बैंडबाजे के साथ निकली गाय की अंतिम यात्रा, देखकर दंग रह गया इलाका 

बदायूं, अमृत विचार: छुट्टा गोवंशीय पशुओं के मुद्दे पर जब उत्तर प्रदेश में अक्सर हंगामा मचता रहता है। तब, बदायूं से गौ-माता का धर्म निभाने की एक शानदार मिसाल सामने आई है। जहां एक परिवार गाय की घर के सदस्यों की तरह सेवा करता रहा। और जब गाय की मौत हुई, तो स-सम्मान उसका अंतिम संस्कार कराया। गाय के प्रति सेवा और सम्मान की तस्वीर सामने आने के बाद हर कोई गाय के प्रति, इस परिवार के समर्पण की प्रशंसा कर रहा है। 

बदायूं के परसिया गांव की माया देवी के घर में वर्षों से ये गाय पली थी। इसका दूध-मक्खन खाकर उनके बच्चे बड़े हुए। जाहिर है कि लंबे समय से घर में रह रही गाय से स्नेह स्वभाविक है। लेकिन माया देवी को गाय से कुछ ज्यादा ही लगाव था। वह परिवार के सदस्यों की तरह ही उसकी सेवा करती थीं। 

शुक्रवार को गाय का निधन हो गया, तो माया देवी की आंखें नम हो गईं। उन्होंने गाय का अंतिम संस्कार सनातनी रीति रिवाज से कराने का फैसला लिया। गाय का पार्थिव शरीर डल्लप पर रखकर घर से विदा किया। अंतिम यात्रा के लिए बैंड बाजा भी मंगाया। बैंड बाजे के साथ जब डल्लप पर गाय की अर्थी निकली तो गांव का हर सदस्य, माया देवी और उनके परिवार का यह समर्पण देखकर दंग रह गया। 

बाद में रीति रिवाजों के साथ गड्डा खोदकर गाय को दफन किया गया। गाय की अंतिम संस्कार यात्रा में  दीपेंद्र मिश्रा, अगम मिश्रा,  विशू मिश्रा, शुभ मिश्रा, ठाकुर किशोर सिंह, अनोज कुमार सिंह, बब्लू सिंह, प्रवीन सिंह, हरिओम, वीर सिंह मौर्य, शिवा शर्मा आदि लोग सम्मिलित हुए।

यह भी पढ़ें- बदायूं: चालकों को नशीली दवा खिलाकर लूटते थे ई-रिक्शा, पुलिस ने पकड़ा गिरोह