बरेली: सुभाषनगर सब स्टेशन में घुसी भीड़, एसएसओ को उठाकर ले गई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बिजली कटौती से नाराज लोगों ने सब स्टेशन पर डाला ताला

बरेली, अमृत विचार: सुभाषनगर में पिछले तीन दिन से बिजली कटौती से लोगों का पारा चढ़ गया। शुक्रवार पूरी रात बिजली न आने से नाराज लोग शनिवार सुबह सब स्टेशन में घुस गए और एसएसओ को उठाकर बदायूं रोड तक ले गए और उपकेंद्र पर ताला लगा दिया। पुलिस ने भीड़ से एसएसओ को छुड़ाकर सब स्टेशन का ताला खुलवाया। इसके बाद लोगों ने सीढ़ी लगाकर बदायूं रोड पर जाम लगा दिया। कई घंटे लोग जाम में फंसे रहे और पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया।

सुभाषनगर उपकेंद्र पर ओवरलोडिंग होने से तीन दिन से बिजली का संकट बना हुआ है। परसाखेड़ा से आने वाली 33 केवी की लाइन में फाल्ट होने से गुरुवार की दोपहर से शुक्रवार की सुबह 8 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही थी। इसके बाद शुक्रवार दोपहर में बीडीए टू कॉलोनी के पास भूमिगत लाइन में फाल्ट होने से शाम 6 बजे तक बिजली गुल रही।

इसके बाद रात में लोकल फाल्ट से भी मारुति विहार, बीडीए कालोनी, प्रगतिनगर, इफको कालोनी, विवेक विहार, ग्रीन वैली, तिरुपति विहार, गणेशनगर, गंगा नगर में बिजली मुश्किल से एक घंटे रही। रात भर बिजली न आने से लोगों की नींद भी पूरी नहीं हो सकी। इससे लोग परेशान हो गए और शनिवार की सुबह सुभाषनगर स्टेशन पर पहुंचे और हंगामा किया।

सब स्टेशन पर मौजूद एसएसओ (सब स्टेशन ऑपरेटर) सुनील को आक्रोशित भीड़ उठाकर बदायूं रोड तक ले आई। इसकी सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और एसएसओ को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद भीड़ ने बदायूं रोड पर सीढ़ी लगाकर जाम लगा दिया। एक घंटे तक जाम में सैकड़ों वाहन फंसे रहे। पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को शांत कराकर किसी तरह से यातायात को सुचारू कराया।

कटघर में ट्रांसफार्मर में आग लगने से सप्लाई प्रभावित
किला सब स्टेशन से जुड़े कटघर क्षेत्र में शुक्रवार की रात ट्रांसफार्मर में आग लगने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। शनिवार सुबह ट्रांसफार्मर बदलकर बिजली आपूर्ति बहाल की गई। इसके अलावा शुक्रवार रात शाहदाना क्षेत्र के घेर जाफर खां में ट्रांसफार्मर के बुश खराब होने पर कई घंटे तक बिजली का संकट बना रहा। वहीं हरुनगला डिवीजन के सनराइज फेस टू में बंच केबल में आग लगने से फीडर बंद हो गया और रात साढ़े 11 से 1 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। इसके साथ ही सतीपुर में लोकल फाल्ट से भी एक घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित हुई। कटरा चांद खां, बालजती, पुराने शहर, जगतपुर, हजियापुर, नकटिया आदि क्षेत्रों में भी पूरी रात ट्रिपिंग से लोग परेशान हुए।

भीड़ के खिलाफ एसएसओ देंगे तहरीर
सुभाषनगर एसडीओ अभिषेक कपासिया ने बताया कि लोकल फाल्ट होने से बिजली आपूर्ति बाधित हो रही थी। जिससे नाराज भीड़ शनिवार की सुबह एसएसओ सुनील को उपकेंद्र से उठाकर बदायूं रोड तक ले आई। एसएसओ की तरफ से इस मामले में सुभाषनगर थाने में तहरीर दी जाएगी।

सुभाषनगर में ओवरलोडिंग होने से दिक्कत हो रही है। जिसके समाधान के लिए अधिकारियों को लगाया गया है। जल्द ही उपभोक्ताओं की समस्या का समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है-अंबा प्रसाद वशिष्ठ, अधीक्षण अभियंता शहर
.

यह भी पढ़ें- रेली: बिजली कटौती से उबला पब्लिक का दिमाग, उठा लिया विद्युत कर्मी...मचा हड़कंप

संबंधित समाचार