Kannauj: नौतपा: पहले दिन 43.5 डिग्री रहा तापमान, चली लू, बेजुबानों का हाल खराब, सड़कों पर पसरा सन्नाटा

Kannauj: नौतपा: पहले दिन 43.5 डिग्री रहा तापमान, चली लू, बेजुबानों का हाल खराब, सड़कों पर पसरा सन्नाटा

कन्नौज, अमृत विचार। नौतपा के पहले दिन ही अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया और दिन भर लू चलने से लोग परेशान रहे। वहीं, भीषण गर्मी में ट्रांसफार्मर ओवरहीट हो गए, जिससे बिजली की आंख-मिचौली का क्रम दिन भर चलता रहा। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में तापमान 45 डिग्री से अधिक पहुंच सकता है। 

शनिवार को दिन का अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री रिकार्ड किया गया। हवा में नमी की मात्रा भी 52 प्रतिशत रही, जिससे लोग उमस से परेशान रहे। तापमान अधिक होने के कारण पक्के मकान भट्ठियों की तरह तप रहे थे। ऊपर से बिजली की बार-बार आवाजाही के कारण लोग छायादार स्थानों पर या घरों के बाहर टहलते नजर आए। 

कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरेंद्र कुमार ने बताया कि 25 मई से नौतपा शुरू हो गया है। आगामी दो जून तक दिन का अधिकतम तापमान 45 डिग्री से अधिक तक पहुंच सकता है। उत्तर-पश्चिम दिशा से आ रही हवाओं के कारण 10-12 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से लू चल रही है। तापमान का फसलों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। 

बेजुबानों का भी हाल हुआ खराब, सड़कों पर सन्नाटा

शनिवार का दिन लोगों के लिए ही नहीं बल्कि पशु पक्षियों के लिए भी बेहद संकट भरा रहा। लगातार बढ़ रही गर्मी के बीच नगर व क्षेत्र के सैकड़ों हैंडपंप सूखे हैं जिससे लोगों के लिए पेयजल समस्या खड़ी हो गई है। बेजुबान भी पानी की तलाश में भटकते नजर आते हैं। 

शनिवार को एक व्यक्ति ने हैंडपंप चलाया तो गोवंश भी आस में पहुंच गया और किसी तरह से गिरते पानी से गला तर करने का प्रयास करते दिखाई दिया। नागरिकों का कहना है कि भीषण गर्मी ने सभी को परेशान कर रखा है। तालाबों व गड्ढों में भरा पानी पीकर गर्मी से राहत पाने का प्रयास कर रहे पशु पक्षियों पर भी गर्मी भारी पड़ रही है। अब तो लोग मानसून का इंतजार कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- Kannauj: छह साल की बच्ची से चचेरे भाई ने किया दुष्कर्म, पीड़िता को अस्पताल में कराया गया भर्ती, कानपुर रेफर