बाराबंकी में अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्राली पलटने से चालक की मौत

बाराबंकी में अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्राली पलटने से चालक की मौत

निन्दूरा/ बाराबंकी, अमृत विचार। सरिया लाद कर देर शाम जा रही एक ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर करीब पांच फिट पानी भरे खंती में गिर गई। खंती की गइराई का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि पूरा ट्रैक्टर उसमें डूब गया। हादसे में चालक की मौत हो गई। जबकि एक अन्य साथी घायल हो गया। हादसे के बाद ग्रामीणों और सूचना पर पहुंची पुलिस की मदद से ट्रैक्टर व शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजा है। 

बड्डूपुर थाना क्षेत्र में शनिवार की रात लगभग 10:00 बजे बुधनपुर गांव के निकट एक ट्रैक्टर ट्राॅली सरिया लाद कर जा रही थी। जो अनियंत्रित होकर नीचे खाई में चली गई। खाई में करीब 5 फुट पानी भरा हुआ था। इसके चलते ट्रैक्टर पूरा डूब गया। ट्रैक्टर चालक गंभीर रुप से घायल हो गया। जिसको ग्रामीणों व पुलिस के प्रयास के बाद बाहर निकाला गया लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी।

मृतक की पहचान  26 वर्षीय कुलदीप कुमार मिश्रा पुत्र अरुण कुमार मिश्रा के रुप में की गई। जबकि ट्रैक्टर ट्रॉली पर सवार 30 वर्षीय सूरज सिंह पुत्र बहादुर सिंह घायल हो गया। दोनों जनपद अयोध्या के रहने वाले बताए गए हैं। हादसे के बाद ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची बड्डूपुर पुलिस ने वाहन को बाहर निकाला। लेकिन तब तक  चालक कुलदीप की मौत हो चुकी थी। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। थानाध्यक्ष ज्योति वर्मा ने बताया कि ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे तालाब में पलट जाने से यह घटना हुई है।

ये भी पढ़ें -अयोध्या: गाली देते वीडियो वायरल हाेने पर सत्ती चौरा चौकी प्रभारी निलंबित