Unnao Crime: फसल की रखवाली कर रहे किसान पर फायरिंग...बाल-बाल बचा युवक, पुलिस घटना मान रही संदिग्ध
उन्नाव में फसल की रखवाली कर रहे किसान पर फायरिंग
उन्नाव, अमृत विचार। जिले के हसनगंज कोतवाली अंतर्गत मीरखेड़ा में फसल की रखवाली कर रहे किसान पर अज्ञात हमलावरों ने फायर झोंक दिया। जिससे वह बाल-बाल बच गया। जान बचाकर भागे किसान के शोर मचाने पर हमलावर भाग निकले। सूचना पर एसएचओ फोर्स के साथ पहुंचे और जांच की वहां उन्हे एक खोखा भी पड़ा मिला। पुलिस प्रथम दृष्टया फायरिंग को संदिग्ध मान रही है।
कोतवाली क्षेत्र मीरखेड़ा निवासी छोटेलाल पुत्र दुर्गादीन किसान हैं। उसने अपने खेतों में खरबूजा की फसल बो रखी हैं। उसने बताया कि अन्ना मवेशियों से फसल की रखवाली करने के लिए वह रविवार रात खेत पर मौजूद था और खेतों की रखवाली कर रहा था, तभर मध्य रात्रि लगभग डेढ़ बजे खेत के दूसरे छोर पर उसे कुछ लोग संदिग्ध हालात में खड़े दिखाई दिये। उसके ललकारने पर उन लोगों ने छोटेलाल पर फायर झोंक दिया।
जिससे वह बाल बाल बच गया और जान बचाकर शोर मचाते हुए गांव की ओर भागा। शोर सुन आस पास के खेतों में सो रहे किसान और ग्रामीण दौड़े, यह देख हमलावर भी मौके से भाग निकले।
घटना की जानकारी पर एसएचओ चंद्रकांत मिश्र व चौकी इंचार्ज दीपक कुमार मौके पर पहुंचे और जांच की। पुलिस को घटनास्थल पर एक कारतूस का खोखा मिला है। एसएचओ चंद्रकांत मिश्र ने बताया घटना संदिग्ध लग रही है। जांच कर शीघ्र खुलासा किया जाएगा।
