लखीमपुर खीरी: SSB अफसर की नेपाली महिला और पुरुष ने की पिटाई, अस्थाई पुल को लेकर जताई थी नाराजगी...वीडियो वायरल
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार: भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी के एक अफसर की नेपाली महिला और पुरुष द्वारा पिटाई करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। हालांकि इस मामले में एसएसबी के सभी जिम्मेदार अफसर चुप्पी साधे हुए हैं। हालांकि कोतवाल चंदनचौकी ने घटना की पुष्टि की है। उनका कहना है कि घटना पांच दिन पुरानी है। पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है।
भारत-नेपाल सीमा पर स्थित कोतवाली चंदनचौकी क्षेत्र में बेलपरसुआ के निकट मोहाना नदी पर कुछ नेपाली लकड़ी का पुल बना रहे थे। बताया जाता है कि इसी बीच एसएसबी तृतीय वाहिनी के एक अफसर अपने दो साथियों के साथ बेला परसुआ के पास रामनगर से नेपाल के हिम्मतनगर गांव की तरफ जा रहे थे। इसी बीच उनकी नजर मोहाना नदी पर लकड़ी के बनाए गए अस्थाई पुल पर पड़ी।
वह मौके पर पहुंचे और पुल बनाए जाने पर नाराजगी जताई और तस्करी के लिए पुल बनाने की बात कहते हुए उसे तोड़ने का दबाव बनाने लगे। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। बताया जाता है कि मौके पर पहुंची नेपाल एपीएफ पुलिस ने मामला शांत करने की कोशिश की, लेकिन बात बढ़ती चली गई और एक नेपाली महिला व युवक ने उनका पीछा करते हुए पकड़ लिया और पिटाई शुरू कर दी।
पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। तृतीय वाहिनी के अफसर इस मामले पर चुप्पी साधे हुए हैं। वही चंदन चौकी प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ यादव ने बताया कि एसएसबी अफसर और नेपाली नागरिकों के बीच अस्थायी पुल को लेकर पांच दिन पहले विवाद हुआ था। मामला चार-पांच दिन पुराना है। एसएसबी के अधिकारी का नेपाली नागरिकों से विवाद हुआ था। वायरल वीडियो तभी का है। मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।
यह भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: सड़क दुर्घटना में बाइक सवार अधिवक्ता की मौत, दो महीने पहले हुई थी शादी
