Kannauj: पत्नी ने सोते समय पति पर डाला खौलता हुआ तेल, अस्पताल में भर्ती, शराब पीने की लत से थी परेशान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कन्नौज (सौरिख), अमृत विचार। शराबी पति से तंग आकर पत्नी ने रात में सोते समय उस पर खौलता तेल डाल कर जला दिया। हालत गंभीर होने पर सुबह परिजन सीएचसी ले गए। डॉक्टर ने यहां से तिर्वा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।  

रविवार की रात थाना क्षेत्र के गांव ईशम पुर निवासी रमेश (55) पुत्र बनवारी लाल घर पर सो रहा था। करीब दो बजे पत्नी सुशीला देवी ने सरसों का तेल गर्म करके पति के ऊपर डाल दिया। गरम तेल पड़ते ही रमेश चीखने लगा। वह गंभीर रूप से झुलस गया। चीखें सुन आसपास के ग्रामीण एकत्र हो गए। परिजन सुबह रमेश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सौरिख लेकर गए। 

हालत गंभीर देख डॉक्टर ने मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। डॉक्टर का कहना है रमेश का लगभग 60 प्रतिशत शरीर जल चुका है। वहीं दबी आवाज में रिश्तेदारों ने बताया कि रमेश शराब पीकर घर पर झगड़ा करता रहता था। इसके चलते पत्नी ने यह कदम उठा लिया। परिवार में तीन लड़के व तीन लड़कियां हैं जिनकी शादी हो चुकी है। 

लड़के बाहर नौकरी कर रहे हैं। घर पर दंपति ही रह रहे हैं। इस संबंध में थानाध्यक्ष सचिन सिंह का कहना है कि अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर पुलिस को भेजा गया था। अभी तक पीड़ित ने मामले की तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- Kanpur: ‘अभी मैं जिंदा हूं, तीन घंटे तक चबूतरे पर बैठाया’, विधायक इरफान ने कोर्ट में और क्या-क्या कहा...यहां पढ़ें

संबंधित समाचार