Unnao News: ग्राम समाज जमीन पर लगे 500 पेड़ चोरी से काटे गए...चार पर FIR दर्ज, पुलिस ने शुरू की जांच
उन्नाव में पेड़ काटने की पुष्टि के बाद चार पर एफआईआर
उन्नाव, अमृत विचार। हसनगंज तहसील के हाजीपुर तरेहा ग्राम प्रधान ने पुलिस को शिकायती पत्र देते हुए ग्राम सभा की जमीन पर लाखों रुपये कीमत के पेड़ चोरी से काटने का आरोप चार लोगो पर लगाया था। एसडीएम के निर्देश पर एक जांच टीम बनाई गई। जिसने जांच में आरोप सही पाए गए। इस पर लेखपाल ने चार लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
हाजीपुर तरेहा गांव के बाहर भूलईहा तालाब के किनारे करीब 500 यूकेलिप्टस के पेड़ लगे थे। इनको गांव के कुछ लोगों ने चोरी से काट कर बेंच डाला। इनमें 150 पेड़ कुछ माह पहले व 350 पेड़ हाल में ही काटे गए। ग्राम प्रधान सरोज ने एसडीएम हसनगंज से शिकायत की थी।
उनके निर्देश पर नायब तहसीलदार अमित त्रिपाठी, लेखपाल प्रियंका सिंह व वन विभाग डिप्टी रेंजर श्रीकांत त्रिवेदी ने गांव जाकर जांच की थी। इसमें पेड़ो के काटे जाने की पुष्टि हुई है। वन विभाग ने काटे गए पेड़ो की 7.40 लाख आंकी है।
एसडीएम के आदेश पर लेखपाल प्रियंका सिंह ने हाजीपुर तरेहा निवासी सुजीत पुत्र राधेलाल, भूरे, पप्पू, व पच्चू पुत्रगण बाबू के कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई है। एसडीएम हिमांशु गुप्ता ने बताया कि शिकायत जांच कराई गई। आरोप सही मिलने तीन भाइयों सहित चार पर कार्रवाई की गई है।
