बलिया: भोजन में धतूरे का पत्ता खाने से मिजोरम पुलिस के 7 जवान बीमार
बलिया। उत्तर प्रदेश में बलिया जिले के हल्दी थाना क्षेत्र में चुनाव ड्यूटी में आए मिजोरम आर्मी पुलिस के सात जवानों की हालत भोजन के साथ धतूरे का पत्ता खाने से बिगड़ गई। घटना के बाद जवानों को बलिया जिला अस्पताल में भर्ती गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
मिजोरम आर्मी पुलिस के उपनिरीक्षक प्रदीप केआर ने मंगलवार को बताया कि सभी मिजोरम आर्मी पुलिस का जवान है तथा 2024 के लोकसभा चुनाव की ड्यूटी में बलिया आए हुए हैं। सभी जवान हल्दी थाना क्षेत्र के एक निजी स्कूलों में ठहरे हुए थे। मंगलवार की सुबह उन्होंने भोजन में मटन में धतूरे का पत्ता मिला कर पकाया था।
धतूरे का पत्ता मिलाकर मटन खाने के बाद सात जवानों की हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल लाया गया है। जिला अस्पताल के चिकित्सक मुख्तार यादव ने बताया कि कुल सात जवानों को मटन के साथ धतूरे का पत्ता खाने की वजह से तेज बुखार और बेचैनी की शिकायत हुई थी। जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल लाया गया है। जहां इलाज चल रहा है, जवानों की हालत पहले से ठीक है।
यह भी पढ़ें:-बड़ा खुलासा: जहां रोपे थे एक लाख पौधे अब वहीं हुई गड्डा खोदाई
