बरेली: युवक को जेल भेजने की धमकी देकर पुलिसवालों ने वसूले 70 हजार रुपये
बरेली, अमृत विचार। राई को पहाड़ बनाने वाली पुलिस ने इस बार फिर से कमाल कर दिया। जो शख्स कभी बरेली ही नहीं आया पुलिस उसके जिले में पहुंचकर उसे जेल भेजने की धमकी देते हुए उससे 70 हजार रुपये वसूल लाई। इसके बाद भी पुलिस उसे धमका रही थी। इससे परेशान मां डीआईजी से …
बरेली, अमृत विचार। राई को पहाड़ बनाने वाली पुलिस ने इस बार फिर से कमाल कर दिया। जो शख्स कभी बरेली ही नहीं आया पुलिस उसके जिले में पहुंचकर उसे जेल भेजने की धमकी देते हुए उससे 70 हजार रुपये वसूल लाई। इसके बाद भी पुलिस उसे धमका रही थी। इससे परेशान मां डीआईजी से मिली और सारी बात बताई। डीआईजी ने एसएसपी को मामले की जांच के आदेश दिए है और दोनों दरोगाओं को निलंबित करने के निर्देश भी दिए हैं।
फर्रुखाबाद के बढ़पुर निवासी शकुंतला यादव ने बताया कि उनके पति जगदीश सिंह फौजी थे। अब वह अपने बेटे सचिन यादव के साथ रहती हैं। 14 सितंबर को बारादरी थाने के दरोगा अंकित कुमार और उनके साथी योगेश उनके घर पहुंचे और बताया कि उनके बेटे पर बारादरी थाने में धोखाधाड़ी का मुकदमा दर्ज है। इसके बाद वह उसके बेटे सचिन को पास की चौकी आवास विकास ले गए और फिर गिरफ्तारी की बात कहते हुए उन्हें धमकाया उनसे 70 हजार रुपये ले आए। इसके बाद दरोगा योगेश 8 अक्टूबर को फिर से वहा पहुंचे और फिर से उनके बेटे को जेल भेजने की धमकी दी।
जबकि महिला का कहना है कि उसका बेटा आज तक बरेली नहीं आया और न ही उनकी बरेली में कोई रिश्तेदारी है। महिला की बात सुनकर डीआईजी ने एसएसपी को मामले की जांच कर आरोपी दरोगाओं को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ यह भी कहा है कि महिला का पैसा भी दरोगा वापस करे।
“फर्रुखाबाद की महिला ने बारादरी के दरोगा अंकित और योगेश पर रिश्वत लेने का आरोप लगाया है। मामले की जांच की एसएसपी को दी गई है। जांच के बाद दोनों दरोगाओं के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।”—राजेश कुमार पांडेय, डीआईजी
