आपदा में पीएम मोदी को नहीं आई हिमाचल प्रदेश की याद- प्रियंका गांधी
शिमला: कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा और कहा कि प्रदेश में पिछले दिनों भयंकर प्राकृतिक आपदा आई लेकिन नरेंद्र मोदी आपदा के समय एक बार भी हिमाचल नहीं आए। प्रियंका गांधी वाड्रा ने आज ऊना जिले के गगरेट में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए यह आरोप लगाये।
इस दौरान उन्होंने एक बार फिर मोदी पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने प्रदेश में भयंकर प्राकृतिक आपदा आई लेकिन पीएम नरेंद्र मोदी आपदा के समय एक बार भी हिमाचल नहीं आए। आपदा के राहत कार्यों के लिए केंद्र की तरफ से प्रदेश के लिए एक रुपया नहीं आया। मोदी जी ने प्रदेश में आई आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित नहीं किया।
सारी राहत प्रदेश सरकार की ओर से दी गई। प्रियंका गांधी वाड्रा ने मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि इन्होंने प्रदेश की चुनी हुई सरकार को गिराने की कोशिश की। धनबल के साथ चोरों की तरह विधायकों को कभी यहां, कभी वहां छिपाया। यह लोकतंत्र के खिलाफ सबसे बड़ा अपराध जनता की आंखों के सामने करने की कोशिश हुई।
यह हमारे नेताओं की दृढ़ता थी कि सरकार एकजुट रही। जिनको जाना था, धनबल के आधार पर चले गए। भाजपा का सिर्फ एक धर्म सत्ता व संपत्ति है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पैसों व धनबल के लिए नहीं, जनता के लिए काम करती है। उन्होंने मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि इन्होंने 10 सालों से देश की जनता को गुमराह करके रखा है। उन्होंने कहा कि मोदी ने देश के 22 खरबपतियों का 16 लाख करोड़ रुपए माफ किया है जबकि देश के किसानों का कर्ज माफ नहीं कर पाए।
तीन कृषि कानूनों और कर्ज माफी के लिए देश के 600 से ज्यादा किसानों को अपनी जान गवानी पड़ी है। उन्होंने कहा कि देश में महंगाई ,बेरोजगारी चरम पर है। आज देश की महिलाओं को घर में मेहमान लाने पर भी शर्म आती है जो सिलेंडर 2014 में 400 रुपए में मिलता था वह आज 1200 रुपए में बिक रहा है। आज न तो विरोध करने वाली मंत्री विरोध कर पा रही हैं और न मोदी जी के मूंह से एक शब्द भी महंगाई के नाम पर निकल पा रहा है।
उन्होंव कहा कि आज देश मे बेरोजगारी चरम पर है। आज देश में 70 करोड़ लोग बेरोजगार हैं। देश में युवा शिक्षित हैं, लेकिन किसी के पास रोजगार नहीं है। देश में 30 लाख से ज्यादा पद खाली पड़े हैं जिन्हें कांग्रेस की सरकार बनते ही भरा जाएगा। इसके अलावा नारी न्याय योजना के तहत करोड़ों महिलाओं को 8500 रुपए प्रतिमाह दिए जाएंगे।
ग्रेजुएट युवाओं को प्रतिमाह 8500 रुपए एक साल तक इंटर्नशिप के तौर पर दिए जाएंगे। इसके अलावा किसानों को उनकी फसलों के लिए डैच् की कानूनी गारंटी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के 10 सालों में लोकतंत्र का नामोनिशान नहीं रहा। सरकारें धनबल से गिराई जा रही हैं। हर जगह, हर स्तर पर जनता के साथ विश्वासघात किया है। कांग्रेस की सरकारें लोगों को राहत पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।
भाजपा के नेता चुनाव आते ही ध्यान भटकाने, धर्म की बातें करने लगते हैं। प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि एक तरफ वह विचारधारा वाली पार्टी है जिसने देश की जनता को अनेकता में होते हुए एकता के सूत्र में पिरोने का काम कर अपनी जान की कुर्बानी दी। तो दूसरी ओर वह विचारधारा वाली पार्टी है जिसने देश की जनता को धर्म-जाति, हिंदू मुसलमान के नाम पर बांटने का काम किया है। अब फैसला आपको करना है।
प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा,“जब तक इस देश में एक सभ्य राजनीति स्थापित नहीं होगी तब तक कुछ नहीं बदलेगा। इस देश के लोकतंत्र, संविधान पर आंच नहीं आने देंगे। मोदी सरकार ने विदेश से आने वाले सेब पर टैक्स कम कर दिया, जबकि यहां जीएसटी पर जीएसटी लगाया जा रहा है। कांग्रेस किसानों को मजबूत बनाने का काम करेगी।”
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस मजबूती के साथ पांच साल सरकार चलाएगी। उन्होंने कहा कि खाली खजाने के होते हुए सरकार के खजाने में 2200 करोड़ रुपए की अतिरिक्त आय की है। इसके अलावा आपदा राहत कोष में 4500 करोड़ रुपए का बजट बनाया है। प्रदेश के 1.36 हजार कर्मचारियों को ओपीएस देकर उनका भविष्य सुरक्षित किया है।
प्रदेश की महिलाओं को महिला सम्मान निधि योजना के तहत 1500 रुपए देने की जो गारंटी दी है उसे शुरू कर दिया है। भाजपा के लोगों ने इस गारंटी को रोकने की कोशिश की आचार संहिता के चलते चार जून तक इसे रोका गया है जैसे ही आचार संहिता हटती है तो प्रदेश की सभी महिलाओं को 1500 रुपए दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने जनता बल को गिराने की कोशिश की है धनबल से कांग्रेस विधायकों की खरीद फरोख्त की। जो विधायक धनबल और पैसों के लालच में बिक गए अब उनको सबक सिखाने का समय है। एक जून को प्रदेश की जनता उन्हें सबक सिखाने वाली और एक बार फिर जनबल की जीत होगी।
ये भी पढ़ें- बढ़ती निगरानी के कारण भारत में सामने आ रहे साइबर धोखाधड़ी के अधिक मामले: अमित शाह
