बिजनौर: बाग में आम तोड़ने का आरोप लगाकर किशोर को रस्सी से बांधकर पीटा, तीन आरोपी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

-मां से दो हजार रुपये जुर्माना लेकर छोड़ा किशोर, जमीन पर घसीटा भी

स्योहारा (बिजनौर), अमृत विचार : क्षेत्र में बुढेरन मार्ग स्थित बाग में आम तोड़ने का आरोप लगाते हुए किशोर के हाथ रस्सी से बांधकर उसे मारा पीटा गया। आरोपियों ने उसे गर्मी में कई घंटे तक बांधकर रखा। किशोर की मां ने आरोपियों को दो हजार रुपये जुर्माना देकर बेटे को बंधन मुक्त काया। शिकायत के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

बताया गया कि कस्बा स्योहारा के मोहल्ला मंसूर सराय निवासी 12 वर्षीय किशोर मंगलवार दोपहर बुढेरन मार्ग पर मिट्टी लेने के लिए गया था। आरोप है कि यहां कुछ युवकों ने उसे पकड़ लिया। उस पर बाग में पेड़ से आम तोड़ने का आरोप लगाया।

आरोपियों ने उसके हाथ रस्सी से बांधकर मारपीट की और उसे प्रताड़ित किया। उसे जमीन पर घसीटा भी गया। इस दौरान आरोपियों ने वीडियो बनाया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही हड़कंप मच गया। सूचना के बाद बेटे को छुड़ाने मां बाग में पहुंच गई। वह बेटे को छोड़ने की गुहार लगाती रही। लेकिन आरोपी नहीं माने।

इस बीच आरोपियों ने जुर्माना के तौर पर दो हजार रुपये देकर छोड़ने की शर्त रखी। मां अपने बेटे को छुड़ाने के लिए घर से दो हजार रुपये लेकर दोबारा मौके पर पहुंची। जुर्माना देने पर आरोपियों ने किशोर को बंधन मुक्त किया। इसके बाद महिला ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

सीओ सर्वम सिंह का ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर कार्रवाई की गई है। मोहल्ला चौधरियान निवासी फईम, मोहल्ला सफियाबाद के रहने वाले सादिक और शाहिद को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। 

ये भी पढ़ें- Bijnor News : अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई बाइक, तीन लोगों की दर्दनाक मौत

संबंधित समाचार