लखीमपुर खीरी: आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर भड़के परिजन, मैगलगंज मार्ग पर शव रखकर किया प्रदर्शन
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार: थाना नीमागांव क्षेत्र के गांव मिर्जापुर में मंगलवार की तड़के नागेश की पीट-पीटकर हत्या करने के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से परिजनों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। परिजनों ने बुधवार की सुबह ग्रामीणों के साथ मैगलगंज मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया और प्रदर्शन करने लगे। परिजनों का कहना था कि पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करने में लापरवाही कर रही है। सूचना पर एएसपी नैपाल सिंह कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और परिवार वालों को शीघ्र गिरफ्तारी कराने का आश्वासन दिया। तब जाकर परिजन माने और शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
मंगलवार की तड़के गांव मिर्जापुर निवासी 22 वर्षीय नागेश मंगलवार की तड़के अपनी प्रेमिका से मिलने गया था। घर के बाहर से प्रेमिका के घर वालों नागेश और उसकी प्रेमिका को पकड़ लिया था और दोनों को घर के अंदर खींच ले गए थे। जहां नागेश की लाठी-डंडों से पीटकर और धारदार हथियार से प्रहार कर हत्या कर दी थी। प्रेमिका को भी जमकर मारापीटा था। इससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गई थी।
उसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव सोमवार की शाम को परिवार वालों को सौंप दिया था, लेकिन तहरीर देने के बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी। इससे परिजन आक्रोषित थे। शव लेकर घर पहुंचे परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया था।
उनका कहना था कि जब तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हो जाती और आरोपी गिरफ्तार नहीं हो जाते हैं तब तक वह शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। इस पर पुलिस ने देर रात प्रेमिका के पिता त्रिभुवन समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी, लेकिन पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी। इससे नाराज परिवार वाले बुधवार की सुबह भड़क उठे।
तमाम ग्रामीणों के साथ शव लेकर मैगलगंज मार्ग पर पहुंचे और सड़क पर शव रखकर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे मार्ग पर जाम लग गया। सूचना पाकर एएसपी नैपाल सिंह, सीअो मितौली शमशेर बहादुर सिंह थाना खीरी, फरधान समेत कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
उन्होंने परिवार वालों से बातचीत की और टीम गठित करने के साथ ही आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कराने का आश्वासन दिया। तब जाकर परिवार के लोग माने और शव सड़क से हटाया। परिजनों ने कड़ी सुरक्षा के बीच शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।
यह भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: अज्ञात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार किसान की मौत, साथी घायल
