लखनऊ: भाई की साली का यौन शोषण कर देह व्यापार में धकेलने का प्रयास, कोर्ट के आदेश पर बिजनौर पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। बिजनौर थाने में एक युवती ने बड़ी बहन के देवर के खिलाफ लिखित शिकायत देते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। युवती का आरोप है कि आरोपी शादी का झांसा देकर उसका यौन शोषण करता था। दबाव दिए जाने पर वह उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ दिल्ली ले गया। जहां, दो वर्षों तक उसका शारीरिक शोषण किया। फिर जबरन उसे देह व्यापार में धकेलने का प्रयास किया। पीड़िता ने यह आरोप लगाते कोर्ट में अर्जी दायर की। कोर्ट के आदेश पर बिजनौर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बिजनौर थानाक्षेत्र की रहने वाली युवती ने बताया कि उसकी बड़ी बहन की शादी उन्नाव जनपद के औरास थानाक्षेत्र के एक गांव में हुई थी। लिखित शिकायत में पीड़िता ने बताया कि बड़ी बहन का देवर सहदेव का आना-जाना उसके घर पर था। जिससे दोनों के बीच नजदीकियां हो गई। इसके बाद सहदेव शादी करने का झांसा देकर पीड़िता का यौन शोषण करने लगा।

पीड़िता ने बताया कि गत अक्टूबर 2021 को सहदेव बहला-फुसला कर उसे अपने साथ दिल्ली लेकर गया। जहां दो वर्षों तक उसका यौन शोषण करने लगा। पीड़िता ने बताया कि सहदेव का बड़ा भाई मनोज व पिंकू भी दिल्ली में ही रहते है। आरोप है कि शादी का दबाव बनाने पर आरोपी ने अपने भाईयों के साथ मिलकर उसकी पिटाई की। फिर जबरन देह व्यापार में उसके धकेलने का प्रयास किया गया।

पीड़िता ने बताया कि गत 31 मार्च को वह आरोपियों के चंगुल से बचकर लखनऊ पहुंची। इसके बाद उसने बिजनौर थाने में आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। बावजूद इसके पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। फिर पीड़िता ने कोर्ट में अर्जी दायर की। जहां कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।

ये भी पढ़ें -सुलतानपुर में कार ने दिव्यांग को मारी टक्कर, गाड़ी लेकर भागा चालक-बभनगंवा रोड पर हुआ हादसा

संबंधित समाचार