हरदोई में छात्र की गोली मारकर की हत्या

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

वारदात के बाद कस्बे में तनाव का माहौल, छावनी में तब्दील हुआ इलाका

हरदोई, अमृत विचार। पाली कस्बे में इण्टरमीडिएट के एक छात्र ने सहपाठी को बातचीत करने के लिए कॉल पर उसे बुलाया। फिर किसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हो गया। इस बीच आरोपी छात्र ने सहपाठी को गोली मार घटनास्थल से फरार हो गया। आनन-फानन छात्र को नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। छात्र की मौत के बाद क्षेत्र में तनाव में फैल गया। किसी प्रकार की अराजकता न फैले इसको लेकर कई थानों की पुलिस फोर्स को तैनात कर दिया गया। जिससे पूरा क्षेत्र छावनी में तब्दील हो गया। आलाधिकारियों का कहना है कि हत्यारोपी छात्र की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई है। जल्द ही उसकी गिरफ्तारी की जाएगी। 

एएसपी पश्चिमी एमपी सिंह के मुताबिक, पाली थानाक्षेत्र के इस्माइल पुर निवासी संजय सिंह का बेटा युवराज सिंह (17) कस्बे के सरस्वती शिशु मंदिर इण्टर कॉलेज में 12वीं कक्षा में पढ़ता था। बेटे के कक्षा में पढ़ने वाला अदनान खान ने गुरुवार शाम को कॉल कर युवराज को मिलने के लिए बुलाया था। पिता संजय सिंह का कहना है कि इस्लामिया स्कूल के पास किसी बात को लेकर अदनान और युवराज के बीच झगड़ा हो गया। जिसके बाद अदनान ने उसके बेटे को गोली मार दी।

अचानक गोली चलने की आवाज से क्षेत्र में हड़कम्प मच गया। स्थानीय लोग वहां पहुंचे तो अदनान वहां से भाग निकला। इस बीच युवक भी घर की तरफ भागने लगा, मगर नगर पंचायत के बारात घर के पास वह लड़खड़ा कर गिर पडा। बेटे को लहूलुहान हालत में देख क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवराज को सीएचसी पहुंचाया गया। जहां से उसे मेडिकल कॉलजे के लिए रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू कर दिया, लेकिन कुछ मिनटों पर युवराज ने दम तोड़ दिया। एएसपी पश्चिमी ने बताया कि प्रथम दृष्टया में मामला आशनाई से जुड़ा है। जिसको लेकर दोनों छात्रों के बीच झगड़ा हुआ था।

वहीं, छात्र की मौत के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया। किसी भी तरह की अराजकता न फैले इसको लेकर और सीओ शाहाबाद के आलावा कई थानों की पुलिस बल मुस्तैद हो गई। सीओ शाहाबाद ने बताया कि परिजनों से पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्यारोपी छात्र की तलाश में पुलिस टीमें गठित की गई है। जल्द ही आरोपी छात्र की गिरफ्तारी कर हत्याकांड का पर्दाफाश किया जाएगा।

यह भी पढ़ें: Lok Sabha Election 2024: लोकसभा के सातवें और अंतिम चरण का चुनाव प्रचार थमा, एक जून को होगा मतदान

 

संबंधित समाचार