अपने 200वें मैच में हारे धोनी, राजस्थान की उम्मीदें कायम
अबु धाबी। चेन्नई सुपरकिंग्स को अपने कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के 200वें मैच में निराशाजनक बल्लेबाजी के कारण राजस्थान रॉयल्स के हाथों सोमवार को सात विकेट से करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। चेन्नई की उम्मीदों को इस हार से गहरा झटका लगा जबकि राजस्थान ने इस मनोबल बढ़ाने वाली जीत से अपनी उम्मीदों को …
अबु धाबी। चेन्नई सुपरकिंग्स को अपने कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के 200वें मैच में निराशाजनक बल्लेबाजी के कारण राजस्थान रॉयल्स के हाथों सोमवार को सात विकेट से करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। चेन्नई की उम्मीदों को इस हार से गहरा झटका लगा जबकि राजस्थान ने इस मनोबल बढ़ाने वाली जीत से अपनी उम्मीदों को कायम रखा।
राजस्थान ने अपने स्पिनरों के शानदार और कसे हुए प्रदर्शन से चेन्नई को 20 ओवर में पांच विकेट पर 125 रन का सामान्य स्कोर पर रोक दिया और फिर 17.3 ओवर में तीन विकेट पर 126 रन बनाकर एकतरफा जीत हासिल कर ली। राजस्थान की 10 मैचों में यह चौथी जीत है और वह आठ अंको के साथ पांचवें स्थान पर पहुंच गया है हालांकि प्लेऑफ के लिए अभी उसे बचे हुए चारों मैच जीतने होंगे।
चेन्नई को 10 मैचों में सातवीं हार का सामना करना पड़ा और वह तालिका में आठवें स्थान पर खिसक गयी है। चेन्नई अब प्लेऑफ की होड़ से लगभग बाहर हो चुकी है और कोई चमत्कार ही उसे प्लेऑफ में पहुंचा सकता है।
